लखनऊ से हुई लापता और बाराबंकी में मिली लाश… फिर पता चला पिता ने ही किया था बेटी का कत्ल
बाराबंकी में मिली युवती की लाश का रहस्य सुलझ गया है. यह 'ऑनर किलिंग' का मामला निकला. पिता ने ही अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या की और शव बाराबंकी में फेंका था. पुलिस को भ्रमित करने के लिए उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. पूछताछ में पिता ने पारिवारिक प्रतिष्ठा के लिए हत्या की बात कबूली.
बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में मिली युवती की लाश का रहस्य सुलझ गया है. यह ‘ऑनर किलिंग’ का मामला निकला, जिसमें सगे पिता ने ही अपनी बेटी की जान ली थी. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद शातिर आरोपी पिता ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, ताकि किसी को इसपर शक न हो.
लखनऊ के चिनहट निवासी विनय चौबे ने अपनी 26 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बाराबंकी के बड्डूपुर इलाके के पिपरौली शारदा नहर किनारे फेंक दिया था. और खुद लखनऊ के चिनहट थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. पूछताछ में पिता ने पारिवारिक प्रतिष्ठा के लिए हत्या की बात कबूली.
आरोपी पिता के बयानों में विरोधाभास से हुआ शक
लखनऊ पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. बुधवार को जब पुलिस को युवती का शव मिला तो उसकी पहचान चिनहट से लापता युवती के रूप में हुई. इसके बाद बाराबंकी और लखनऊ पुलिस की संयुक्त छानबीन शुरू हुई. जांच के तहत, पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही थी.
एडिशनल एसपी विकास चंद त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी जगत कनौजिया ने भी मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया था. आखिर में पुलिस को शक तब हुआ जब पिता के बयानों में विरोधाभास मिला. पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी पिता ने स्वीकार किया कि उसने पारिवारिक प्रतिष्ठा के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था.
पहचान छिपाने के लिए बेटी के चेहरे को भी बिगाड़ा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता ने पहचान छिपाने के लिए युवती के चेहरे को भी बिगाड़ने की कोशिश की थी. चिनहट पुलिस ने आरोपी पिता विनय चौबे को गिरफ्तार कर लिया है. बाराबंकी में अज्ञात शव मिलने के बाद से ही पुलिस हत्या की आशंका जता रही थी जो अब ऑनर किलिंग के रूप में सच साबित हुई है. पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है.