‘मैं मरना नहीं चाहती, लेकिन…’ दूल्हे ने ऐसा क्या कर दिया, चिट्ठी में दर्द बयां कर दुल्हन ने दे दी जान
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक नवविवाहिता डॉली ने ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली. शादी के दो महीने बाद ही इस दुल्हन द्वारा उठाए कदम से कोहराम मच गया है. सुसाइड से पहले इस दुल्हन ने एक नोट लिखकर पति और ससुराल वालों के क्रूर चेहरे को उजागर किया है.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक नवविवाहिता के सुसाइड केस में हैरतंगेज खुलासा हुआ है. मायके में फंदा लगाकर जाने वाली इस दुल्हन की दो महीने पहले ही तो शादी हुई थी, लेकिन इन्हीं दो महीनों में उसके पति और ससुराल वालों ने जिंदगी मुश्किल कर दी. ऐसे में दुल्हन ने अपनी डायरी में पूरा दर्द बयां किया और फंदे से लटक गई. मामला बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र में नौबस्ता गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने इस दुल्हन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक नौबस्ता गांव में रहने वाले राजकुमार वर्मा की बेटी डॉली की शादी दो महीने पहले 6 फरवरी 2026 को शोभनपुरवा में रहने वाले युवक आकाश पटेल के साथ हुई थी. शादी के बाद दुल्हन बनकर डॉली ससुराल पहुंची तो वह एक दिन भी खुश नहीं रह सकी. बड़ी मुश्किल से उसने ससुराल में दो महीने काटे और लगभग एक सप्ताह पहले ही वह अपने मायके आई. यहां शुक्रवार को जब घर वाले काम से बाहर गए थे, तो मौका देखकर डॉली ने सुसाइड कर लिया.
शव देखते ही मचा कोहराम
थोड़ी देर बाद डॉली का भाई आयुष घर पहुंचा. उसने बहन को फंदे से लटकता देखा तो शोर मचाया. इसके बाद घर के बाकी लोग वहां पहुंचे. आनन डॉली को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआत में पुलिस भी इसे सामान्य आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन जैसे ही जांच आगे बढ़ी, पुलिस और परिवार के लोग हैरान रह गए.
डायरी में मिला ससुराल का कच्चा चिट्ठा
पुलिस के मुताबिक शव के पास एक डायरी मिली है. इसमें डॉली ने मौत को गले लगाने से ठीक पहले अपने ससुरालियों के क्रूर चेहरे को बेनकाब किया है. डॉली ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर पति, सास, ससुर और ननद को जिम्मेदार ठहराया है. लिखा है कि- मैं मरना नहीं चाहती थी, लेकिन मुझे इतना मजबूर कर दिया गया कि अब कोई रास्ता नहीं बचा. मेरा सारा सुकून छीन लिया गया है.
चरित्र पर लांक्षन का आरोप
इस सुसाइड नोट में डॉली ने पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया है कि ससुराल में उसे लगातार मानसिक रूप से टॉर्चर किया गया. पति उसे अपमानजनक शब्द कहता था और उसके मोटापे को लेकर ताने देता था. हद तो तब हो गई जब ससुराल पक्ष की ओर से उसके चरित्र पर भी उंगली उठाई जाने लगी. डाली के पिता का आरोप है कि इन्हीं सब बातों से तंग आकर डाली ने आत्मघाती कदम उठा लिया. पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
