बाराबंकी पेट्रोल पंप तिजोरी चोरी: हवा भरने वाला कर्मचारी ही निकला चोर; 9 लाख रुपये बरामद
बाराबंकी में पेट्रोल पंप से तिजोरी चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसी पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में हवा भरने का काम करने वाला कर्मचारी निकला. स्वाट टीम ने कर्मचारी को गिरफ्तार किया. साथ ही आरोपी के बताए जगह से 9 लाख रुपये भी बरामद किया.
बाराबंकी जिले में पेट्रोल पंप से तिजोरी चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. रामनगर थाना क्षेत्र के दलसराय स्थित ओम सांई पेट्रोल पंप से तिजोरी उठा लिया गया था. वहीं, पुलिस ने महज 72 घंटे में चोरी का खुलासा कर दिया है. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसी पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में हवा भरने का काम करने वाला कर्मचारी ही निकला.
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि स्वाट, सर्विलांस और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया. पेट्रोल पंप के ‘हवाबाज’ कर्मचारी मोनू विश्वकर्मा निवासी तारापुर गुमान ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है. उसने बताया कि लालच में आकर चोरी की योजना बनाई थी.
तिजोरी को साइकिल पर लादकर हो गया था फरार
आरोपी ने बताया कि उसे पेट्रोल पंप पर रखी तिजोरी के बारे में पहले से जानकारी थी और लालच में आकर उसने चोरी की योजना बनाई. सोमवार की रात उसने पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली और फिर करीब 10.75 लाख रुपये से भरी भारी-भरकम तिजोरी को साइकिल पर लादकर रफूचक्कर हो गया था. फिर झारियों में ले जाकर पैसा छुपा दिया था.
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों के पीछे जमीन में गाड़कर छिपाई गई लोहे की तिजोरी और 9,11,180 रुपये की नकदी बरामद कर ली है. SP अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित टीमों ने मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डेटा की मदद से चोर तक पहुंचने में सफलता हासिल की. वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है.
खुलासे के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली
ASP (उत्तरी) विकास चन्द्र त्रिपाठी ने घटना का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. इस सफल अनावरण से पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पेट्रोल पंप से पूरी तिजोरी चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे.
