बाराबंकी: लड़के को मुस्लिम बनाने पहुंचे लड़की वाले, उल्टा बेटी ने अपनाया हिंदू धर्म
बाराबंकी में एक हिंदू युवक के मुस्लिम धर्म में परिवर्तन के प्रयास ने नया मोड़ ले लिया. हिंदू संगठनों के विरोध के बाद यह कोशिश नाकाम रही. विवाद इतना बढ़ा कि मुस्लिम पत्नी ने पति का धर्म बदलने की बजाय खुद हिंदू धर्म अपना लिया. इतना ही नहीं, दोबारा दोनों की मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी भी हुई.
बाराबंकी जिले की तहसील रामसनेहीघाट में शुक्रवार को धर्म परिवर्तन का प्रयास उलटा पड़ गया. एक हिंदू युवक का मुस्लिम समुदाय में धर्मांतरण कराया जा रहा था. लेकिन घटनाक्रम कुछ ऐसा पलटा कि मामला पूरी तरह उल्टा हो गया, धर्म परिवर्तन पति का नहीं पत्नी का हो गया. फिर मंदिर में दोनों की शादी भी हुई.
यह मामला तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र के पूरे डलई गांव का है. यहां एक हिंदू युवक ने करीब तीन साल पहले मुस्लिम समुदाय की लड़की से निकाह किया था. शुक्रवार को मुस्लिम पत्नी और लड़की के पिता युवक को लेकर तहसील मुख्यालय पहुंचे थे. जहां पर युवक का मुस्लिम धर्म में परिवर्तन कराने का प्रयास था.
धर्मांतरण के बीच में विश्व हिंदू परिषद की एंट्री
इसी बीच विश्व हिंदू परिषद धर्म यात्रा महासंघ, हिंदू युवा वाहिनी व अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद वहां विरोध शुरू हो गया. संगठनों का कहना था कि यह हिंदू युवक को मुस्लिम धर्म में शामिल करने की सुनियोजित कोशिश है, जिसे हरगिज होने नहीं दिया जाएगा.
विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख धर्म यात्रा महासंघ से जुड़े विनय राजपूत ने कहा कि विवाह के बाद सामान्य रूप से लड़की अपने पति के धर्म में जाती है. लेकिन यहां जानबूझकर हिंदू लड़के को धर्म बदलवाने की कोशिश की जा रही थी. यह साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विवाद के बीच माहौल गरम होने लगा.
विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने हिंदू धर्म अपना लिया
इसके बाद हिंदू संगठनों ने युवक का धर्म परिवर्तन रुकवा दिया. लेकिन विवाद इतना बढ़ा कि मुस्लिम पत्नी ने पति का धर्म बदलने की बजाय खुद हिंदू धर्म अपना लिया. साथ ही उसका पति के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोबारा विवाह भी हो गया. इस घटना से तहसील परिसर में हंगामा और तनाव व्याप्त हो गया.
बताया गया कि जब महिला तहसील पहुंची थी तब वह बुर्के में थी. लेकिन मंदिर में उसे साड़ी पहनाई गई. मांग में सिंदूर भरवाया गया और मंत्रोच्चारण के साथ वरमाला डालकर पुनः विवाह संस्कार कराया गया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस दौरान लड़की के पिता के साथ हिंदू संगठन के लोगों की मारपीट भी हुई.
