बाराबंकी चोरी: रिटायर्ड IRS का बेटा निकला मास्टरमाइंड, चार दोस्तों के साथ उड़ाए करोड़ों के जेवरात
बाराबंकी के शालीमार पैराडाइज चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस वारदात को किसी गैंग ने नहीं, बल्कि पांच दोस्तों ने अंजाम दिया. चौंकाने वाली बात है कि इसका मास्टरमाइंड रिटायर्ड IRS अधिकारी का इकलौता बेटा निकला है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया है.
बाराबंकी के सबसे चर्चित शालीमार पैराडाइज चोरी कांड का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया. करोड़ों के जेवर, नकदी और लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी की इस हाईप्रोफाइल वारदात के पीछे कोई बाहरी गैंग नहीं, बल्कि उसी सोसाइटी में रहने वाला युवक निकला. चौंकाने वाली बात है कि इसका मास्टरमाइंड रिटायर्ड IRS अधिकारी का इकलौता बेटा था.
पुलिस जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी में भारी रकम हारने और लग्जरी लाइफस्टाइल की चाहत में पूरी वारदात की पटकथा लिखी गई थी. रिटायर्ड IRS अधिकारी का बेटा सट्टेबाजी में मोटी रकम हार चुका था. इसकी में उसने अपने चार दोस्तों संग करोड़ों की चोरी को अंजाम दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया है.
SP ने बनाई थी सर्विलांस समेत पांच टीमें
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने खुलासा करते हुए बताया कि 30 अप्रैल को चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच में पता चला कि घर से हाई वैल्यू ज्वेलरी, नकदी, लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस चोरी किए गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर, स्वाट और सर्विलांस समेत पांच टीमों का गठन किया गया था.
कई दिनों तक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगालने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले. जांच में सामने आया कि घटना को 24 और 25 अप्रैल की रात अंजाम दिया गया था. आरोपियों ने घर के स्लाइडर लॉक पर दबाव डालकर उसे खोला और फिर अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
प्रयागराज से रिटार्यड IRS के बेटे को दबोचा
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज जांच में रिटार्यड IRS एएन सिंह के बेटे आकाश ठाकुर की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं. जांच हुई तो उसकी लोकेशन प्रयागराज में ट्रेस हुई. पुलिस की एक टीम प्रयागराज रवाना हुई और आकाश समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही गहने, नकदी और हथियार सहित चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया.
पुलिस के मुताबिक ,इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी आदर्श सिंह है, जो उसी शालीमार पैराडाइज में उस विला के ठीक सामने किराए पर रहता था जहां चोरी हुई. उसके साथ पृथ्वी सिंह ने घर के अंदर जाकर चोरी की थी, जबकि अन्य आरोपी अनुराग कथूरिया, एक यादव और ऋषि कुमार सोनी चोरी का सामान ठिकाने लगाने और ज्वेलरी बेचने में शामिल थे.
आरोपी और पीड़ित का घर आमने-सामने
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद आरोपी अपनी ऑडी कार से प्रयागराज चले गए थे, जहां कुछ ज्वेलरी को बेचने की कोशिश की गई. पुलिस ने चोरी गए गहनों का बड़ा हिस्सा, नकदी, बैंक खातों में जमा रकम, लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद कर लिए हैं. जिन खातों में पैसा जमा किया गया था, उन्हें भी सीज कराया गया है.
रिटार्यड IRS एएन सिंह के ठीक सामने वाले विला में ठेकेदार अजय सिंह बघेल परिवार के साथ रहते हैं. आकाश और अजय के विला का बेडरूम और बालकनी आमने-सामने हैं. आकाश को पहले से पता था कि ठेकेदार अजय सिंह के घर में किमती सामना रखे हैं, सट्टेबाजी में भारी रकम हारने के बाद उसने अपने दोस्तों के साथ घर में चोरी का प्लान बनाया था.