छेड़खानी केस में सपा प्रवक्ता मनोज यादव गिरफ्तार, घर से थे लापता, पत्नी पहुंची थी थाने
बाराबंकी पुलिस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी छेड़खानी के एक मामले में हुई है. मनोज यादव का मेडिकल कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी है. इस बीच मनोज यादव की पत्नी ने लखनऊ के गोमती नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत की है.
लखनऊ से सटे बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक विशेष टीम ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी पुलिस ने मनोज यादव को छेड़खानी के एक मामले में पकड़ा है और मेडिकल कराने के बाद आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस मामले में पहले खबर थी कि मनोज यादव को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया, लेकिन बाराबंकी पुलिस ने बयान जारी कर दिया है.
बताया जा रहा है कि सपा प्रवक्ता मनोज यादव को उस समय पकड़ा गया, जब वे अपने कुछ साथियों के साथ सफदरगंज इलाके से गुजर रहे थे. मनोज यादव की पत्नी की ओर से थाने में दी गई गुमशुदगी की तहरीर में लिखा है कि मनोज यादव एक शादी समारोह में जा रहे थे, तभी से लापता हैं. फिलहाल, गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस टीम उन्हें बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उनका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया गया. आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.
घर से लापता थे मनोज यादव
मनोज यादव की इस गिरफ्तारी ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है, क्योंकि वे बीती रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे. उनके अचानक गायब होने से परेशान पत्नी ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में उनकी गुमशुदगी की तहरीर दी थी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अंदर भी उनकी लोकेशन को लेकर पिछले 24 घंटों से चिंता बनी हुई थी, जिसका पटाक्षेप आज बाराबंकी की सीमा में हुई इस बड़ी कार्रवाई से हुआ.
महिला ने छेड़खानी का केस दर्ज कराया था
बाराबंकी पुलिस के मुताबिक, मनोज यादव पर 11 फरवरी 2026 को सफदरगंज थाने में मुकदमा संख्या 50/26 दर्ज किया गया था, जिसमें धमकी देने, जातिसूचक शब्द बोलने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं. एक महिला ने यादव पर छेड़खानी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है, साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कराया. इसी मामले में एक्शन लेते हुए बाराबंकी पुलिस ने मनोज यादव को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया है.