UP बोर्ड परीक्षा में सोने सी चमकी बाराबंकी की बेटियां, रच डाला इतिहास; टॉप-3 पर इस स्कूल का कब्जा
यूपी बोर्ड परीक्षा परिणामों में बाराबंकी ने शानदार प्रदर्शन किया है. जिले की बेटियों ने प्रदेश की टॉप-3 रैंक पर कब्जा जमाया, जिसमें अंशिका वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया. मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर की छात्राओं ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है, जो लड़कियों की शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान का प्रमाण है.
यूपी बोर्ड के रिजल्ट के साथ यह एक बार फिर साबित हो गया है कि बाराबंकी की माटी मेधा की खान है. गुरुवार की शाम बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट आते ही पूरे जिले में जश्न का माहौल बन गया. इस साल भी बोर्ड का रिजल्ट बाराबंकी के लिए किसी ऐतिहासिक उपलब्धि से कम नहीं है. इस बार प्रदेश की शीर्ष तीन रैंक (Top-3) पर केवल एक ही जिले के और एक ही स्कूल ‘द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज जैदपुर की छात्राओं ने अपना परचम लहराया है. हाईस्कूल की परीक्षा में 97.83% अंक हासिल कर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंशिका वर्मा आज जिले की नई पहचान बन गई हैं.
सफलता की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशियों और मिठाइयों का दौर शुरू हो गया. स्कूल के संस्थापक राकेश कुमार वर्मा और शिक्षकों ने अंशिका को माला पहनाकर सम्मानित किया. अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अंशिका ने बताया कि मैंने कभी घड़ी देखकर पढ़ाई नहीं की. लेकिन नियमित तौर पर 7 से 8 घंटे किताबों को दिए. मेरी सफलता के पीछे मेरे शिक्षकों का सही मार्गदर्शन और मेरे माता-पिता का अटूट विश्वास है. अंशिका भविष्य में इंजीनियर बनकर देश के तकनीकी विकास में योगदान देना चाहती हैं.
डॉक्टर बनना चाहती है अदिति
इसी प्रकार मेरिट में 97.50% अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाली अदिति को भी विद्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा. फार्मासिस्ट पिता की बेटी अदिति ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने गुरुजनों को देते हुए कहा कि स्कूल में मिले नोट्स और लगातार होने वाले टेस्ट ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया. वह आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहती हैं. वहीं एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली परी वर्मा ने 97.33% अंक पाकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है. परी ने साबित कर दिया कि यदि इरादे मजबूत हों तो सीमित संसाधनों में भी सफलता के शिखर को छुआ जा सकता है.
बाराबंकी में छात्राओं में पढ़ाई का क्रेज
रिजल्ट के बाद बाराबंकी में सिर्फ इन बेटियों की सफलता के चर्चे हैं. ‘द मॉडर्न एकेडमी’ जैदपुर के शिक्षकों और अभिभावकों की आंखों में खुशी हैं. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने भी इन मेधावी छात्राओं को बधाई दी है. यह परिणाम न केवल इन छात्राओं की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि यह बाराबंकी में छात्राओं की शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान और बेहतर शैक्षिक वातावरण का भी प्रमाण है जो ‘द मॉडर्न एकेडमी स्कूल जैदपुर में मिल रहा है. आज बाराबंकी की इन बेटियों ने अपनी कलम की ताकत से पूरे प्रदेश के मानचित्र पर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है.
