गैस ना मिला तो… फेरों से पहले मंडप में दूल्हे ने रखी ऐसी शर्त, दुल्हन के जवाब ने जीत लिया दिल
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक अनोखी शादी हुई जहां दूल्हे ने गैस की किल्लत पर चूल्हे पर खाना बनाने की शर्त रखी. वहीं दुल्हन ने न केवल इसे स्वीकार किया, बल्कि जरूरत पड़ने पर खेत में काम करने का भी वादा किया. इस घटना ने आपसी समझ और विषम परिस्थितियों में भारतीय परिवारों की दृढ़ता का महत्वपूर्ण संदेश दिया है.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक अनूठी शादी हुई है. शादी की रस्मों के बीच दूल्हे ने मंडप में ऐसी शर्त रख दी, जिसे सुनकर हर कोई अवाक रह गया, लेकिन कुछ पल ठहरकर दुल्हन ने जो जवाब दिया, वह सुनकर मंडप में मौजूद हर कोई तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं सका. मामला बाराबंकी के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में खैरा बीरू गांव का है. यहां की रहने वाली दुल्हन लक्ष्मी की शादी हो रही थी. मंडप में तमाम रस्में हो रही थीं. इसी दौरान दूल्हे अशोक ने परिस्थितियों का हवाला देते हुए दुल्हन के सामने एक शर्त रख दी.
फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने कहा कि भीषण गर्मी पड़ रही है और बाराबंकी समेत समूचे देश में रसोई गैस की किल्लत भी है. ऐसे हालात में रसोई गैस का सिलेंडर बड़ी मुश्किल से मिल पा रहा है. खुद उसे ही इस शादी में सिलेंडर का जुगाड़ करने के लिए कई दिनों तक गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़े हैं, कड़ी धूप में लाइन में खड़ा होना पड़ा है. फिर उसने दुल्हन के सामने शर्त रखते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की दिक्कत आई तो उसे चूल्हे पर खाना पकाना होगा.
दुल्हन के जवाब ने जीत लिया दिल
दुल्हे की इस शर्त को सुनकर मंडप में मौजूद वर और वधू दोनों पक्षों के लोग अवाक रह गए. दुल्हन ने भी कुछ पल विचार किया और फिर बिना देरी किए अपना जवाब दिया. कहा कि उसे भी परिस्थितियों का ज्ञान है. वह अपने परिवार की हर राजी खुशी में शामिल होगी. जहां तक रसोई गैस की बात है, वह चूल्हे पर खाना तो क्या, जरूरत हुई तो पति के साथ खेत में उतर कर कृषि कार्य भी करेगी. यह सुनकर मंडप में मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं और फिर शादी की रस्मों को खुशी-खुशी पूरा किया गया.
घटना ने दिया बड़ा संदेश
शादी के मंडप में हुई इस सामान्य सी घटना ने देश और समाज के सामने बड़ा संदेश दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना भले ही अनोखी लगे, लेकिन इसने दुनिया को संदेश देने का काम किया है. इस घटना में दुल्हन ने समाज को बताया है कि छोटी छोटी बातों से जहां रिश्तों में दरार आ जाती है, यदि चाहें तो आपसी समझ बूझ से इसका समाधान भी निकाला जा सकता है. इसी प्रकार दुल्हन ने दुनिया को संदेश दिया है कि परिस्थिति चाहें जैसी आए, भारत के लोग टूटने वाले नहीं हैं.
