दोस्त दोस्त ना रहा… कंबाइन खरीदने के बहाने बुलाया, फिर CBI अफसर बन किया अगवा; ऐसे बची जान

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त का अपहरण कर फिरौती मांगने की साजिश रची. कंबाइन खरीदने के बहाने बुलाकर, खुद को CBI अधिकारी बताकर पीड़ित को अगवा किया गया. परिजनों से लाखों की फिरौती मांगी गई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साजिश का पर्दाफाश हुआ और मुख्य आरोपी दोस्त जहीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है.

बरेली पुलिस

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरतंगेज घटना हुई है. यहां एक दोस्त ने ही दोस्त के अपहरण की साजिश रची, फिर उसके परिजनों पर दबाव बनाकर फिरौती वसूलने की भी कोशिश की. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी दोस्त को अरेस्ट कर लिया है. हालांकि अभी उसके साथी फरार हैं. जिनकी तलाश में बरेली पुलिस ने अलग अलग टीमों का गठन किया है. वारदात 18 जून की दोपहर का है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है.

बरेली पुलिस के सीओ अरुण कुमार सिंह के मुताबिक पीड़ित अशफाक ने अपनी शिकायत में बताया है कि वारदात के दिन यानी 18 जून की दोपहर वह अपने बिरिया फार्म पर मौजूद था. इसी दौरान उसके दोस्त जहीर अहमद का फोन आया. जहीर ने उसे एक कंबाइन बिकने की सूचना दी और कहा कि इसे खरीदने का यह एक अच्छा मौका है. फिर आरोपी ने उसे देखने के लिए साथ चलने के बहाने बुला लिया.

सीबीआई अफसर बन किया अगवा

दोनों दोस्त अभी कुछ ही दूर चले थे कि लखनऊ नंबर की एक कार में सवार पांच लोगों ने इनकी गाड़ी रोक ली. कार में चार पुरुष थे और एक महिला भी थी. इन्होंने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और पहचान पत्र भी दिखाया. इसके बाद इन लोगों को पीड़ित को अपनी कार में बैठा लिया और लखनऊ ले जाने के बहाने लेकर चल दिए. रास्ते में आरोपियों ने मारपीट भी की. पीड़ित अशफाक के मुताबिक इस वारदात की रूपरेखा पहले से तय थी.

अचानक करने लगे मोलभाव

अशफाक ने बताया कि उसे अगवा करने के बाद आरोपियों ने उसके परिजनों से फिरौती के रूप में पहले बड़ी रकम की मांग की. फिर खुद जहीर ही आगे आया और सौदेबाजी करते हुए चार लाख रुपयों पर आकर टिक गया. फिर आरोपी जहीर रुपयों की वसूली के लिए उसके घर भी पहुंच गया. इससे परिजनों को शक हुआ और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. अशफाक ने बताया कि इससे पहले आरोपियों ने मारपीट कर उसका फोन छीन लिया और यूपीआई का पासवर्ड पूछकर 75 हजार रुपये दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर कर लिए.

एक्शन में आई पुलिस तो खुला राज

इधर, परिजनों की सूचना पर एक्शन में आई पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों जहीर अहमद, सुमित यादव और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य आरोपी जहीर को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरे मामले का मुख्य सूत्रधार जहीर ही था. अब बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.

Follow Us