2027 में BJP 300 पार… इटावा में राज्य मंत्री कैलाश सिंह का दावा, चढ़ावा चोरी पर बोले-मुझे नहीं पता

राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने इटावा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पहुंचे हैं. उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की 300 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया है. उन्होंने योग का महत्व बताते हुए पीएम मोदी की सराहना की. हालांकि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के सवाल पर मंत्री ने चुप्पी साधी, कहा मामला संज्ञान में नहीं है.

मंत्री कैलाश सिंह राजपूत

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को इटावा पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने आगामी विधानसभा चुनावों में 300 पार का दावा किया. कहा कि इस चुनाव में भाजपा 300 से अधिक सीटें लेकर आ रही हैं. हालांकि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी संबंधित सवालों से वह बचते नजर आए. कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में ही नहीं है. उन्होंने पूछे गए सभी सवालों का एक ही जवाब दिया कि उन्हें नहीं पता. फिर उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि मामले की जांच चल रही है. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.

बता दें कि देश भर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में इटावा में भी जिला प्रशासन और आयुष विभाग की ओर से प्रदर्शनी पंडाल का आयोजन किया गया था. इसमें भव्य योग कार्यक्रम हुआ. इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने योगाभ्यास कर लोगों को निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया.

योग की बताई महिमा

योग दिवस के कार्यक्रम के बाद राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने मीडिया से बात की. कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है और वर्तमान में विश्व के करीब 90 देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के लोगों को स्वस्थ रखने की दिशा में यह एक बड़ा प्रयास है, जिसके लिए प्रधानमंत्री बधाई के पात्र हैं.

शिवपाल पर किया पलटवार

मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के बयान पर पलटवार किया है. अपने बयान में शिवपाल यादव ने भाजपा को नॉन सीरियस दल बताया था. इसके जवाब में मंत्री ने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार में 31 चुनावी सभाएं की थीं, जिनमें से केवल दो सभाओं वाले क्षेत्रों में हार मिली. वहीं अखिलेश यादव ने 25 चुनावी सभाएं की थीं, जिनमें केवल दो जगह सफलता मिली. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई देगा.

Follow Us