ब्लैकमेल कर मौसी का करता रहा रेप, तय हुई शादी तो दूल्हे को भेज दिया अश्लील वीडियो; मचा हड़कंप
बरेली में एक युवक अपनी मौसी का नहाते समय वीडियो बनाया और उसके साथ दो साल तक रेप किया. वहीं जब मौसी की शादी तय हुई तो आरोपी ने उसके दूल्हे को अश्लील वीडियो भेजकर शादी तुड़वा दी. जानकारी होने पर पीड़िता के सब्र का पैमाना छलक गया और उसने खुद पुलिस में जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में रिश्तों का तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक अपनी सगी मौसी का नहाते समय वीडियो बना लिया था और यही वीडियो दिखाकर करीब दो साल से रेप कर रहा था. अब पीड़िता की शादी तय हुई तो आरोपी ने दूल्हे को उसका अश्लील वीडियो भेजकर शादी तुड़वा दिया. इसकी जानकारी होने पर पीड़िता के सब्र का पैमाना छलक गया और उसने खुद पुलिस में जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दे दी.
अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह वारदात बरेली में सीबीगंज थाना क्षेत्र की है. यहां रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि दो साल पहले वह अपने घर में नहा रही थी. इसी दौरान आरोपी चुपके से आया और वीडियो बना लिया. वह नहा कर निकली तो आरोपी ने अपने मोबाइल में वह वीडियो दिखाया, जिसे देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने आरोपी पर बहुत दबाव बनाया कि वह वीडियो डिलीट करे, लेकिन आरोपी ने ऐसा नहीं किया.
फिर करने लगा ब्लैकमेल
पीड़िता के मुताबिक उस दिन आरोपी वहां से चला गया, लेकिन बाद में उसने यही वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा. इसी क्रम में एक दिन आरोपी ने उसे झांसा देकर नशीला पदार्थ पिलाया और फिर उसके साथ रेप किया. इस वारदात का भी आरोपी ने फोटो और वीडियो बनाया था. इसके बाद आरोपी ने उसके साथ बार बार रेप किया, लेकिन वह लोकलाज और बदनामी के डर से चुप रही.
शादी टूटी तो खुद पहुंची थाने
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अभी उसके पिता ने शादी तय की थी. 13 जून को उसका निकाहा होना था. इसकी जानकारी होने पर आरोपी ने पहले उसे धमकाया, फिर उसकी अश्लील तस्वीरें दूल्हे को भेज दी. इन तस्वीरों को देखने के बाद दूल्हे ने रिश्ता होने से पहले ही तोड़ लिया. इससे उसके सब्र का पैमाना छलक गया. उसने खुद थाने आकर आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
