ससुराल में दामाद का खूनी तांडव, पत्नी और सास की चाकू घोंपकर हत्या; ससुर पर भी जानलेवा हमला

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेम विवाह के बाद विवाद के चलते एक युवक ने अपने ससुराल में घुसकर पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या कर दी. सने ससुर पर भी जानलेवा हमला किया, जो गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन टीमें गठित की हैं और उसकी तलाश जारी है.

बलिया में पत्नी और सास की हत्या

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने ससुराल में आकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. सास बचाने आई तो आरोपी ने चाकू घोंपकर उसकी भी जान ले ली. यहां तक कि ससुर पर जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया. जहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है. वहीं, आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए शवों को कब्जे में लिया है.

यह वारदात बलिया में नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव की है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान गड़वार थाना क्षेत्र में सिंहाचंवर गांव के रहने वाले अमित के रूप में हुई है. आरोपी अमित का नगरा थाना क्षेत्र में बछईपुर गांव की रहने वाली युवती प्रीति गुप्ता के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के घर वाले इसके लिए तैयार नहीं थे. ऐसे में दोनों ने साल 2022 में भागकर शादी कर ली.

ऐसे शुरू हुआ विवाद

शादी के बाद दोनों कुछ दिनों तक साथ रहे. इस बीच प्रीति की अपने घर वालों के साथ फोन पर बात होती रही. इसी क्रम में प्रीति अमित के साथ अपने मायके आयी तो घर वालों ने बेटी दामाद को अपना लिया. कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद अमित प्रीति को विदाकर अपने घर ले गया. विवाद की शुरूआत यहीं पर हुई. परिजनों का आरोप है कि अमित प्रीति को अपने घर ना ले जाकर किसी और के घर ले गया. जहां उसके साथ खूब मारपीट की. जानकारी होने पर प्रीति के पिता पहुंचे और उसे वापस मायके ले आए.

10 दिन बाद ही आरोपी ने की वारदात

प्रीति करीब 10 दिन मायके में रही. इसी बीच शनिवार की देर रात अमित चुपके से ससुराल में आया और सीधे प्रीति के कमरे में जाकर उसे चाकू घोंप दिया. प्रीति के चिल्लाने पर उसकी मां सुशीला पहुंची तो आरोपी ने उसके भी पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी. इतने में ससुर अंतु गुप्ता आए तो आरोपी ने उनके ऊपर भी चाकू से वार किया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

साली के बयान पर दर्ज हुआ मुकदमा

प्रीति की बहन कीर्ति ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि उसके पिता अंतु गुप्ता की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बनारस के लिए रेफर किया है. कीर्ति ने पुलिस की पूछताछ में वारदात की कहानी बयां की है. बताया कि उसका बहनोई अमित रात में अचानक आया और बहन से उसका बच्चा छीनने लगा था. प्रीति ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. कीर्ति के मुताबिक आरोपी ने उसके ऊपर भी हमला किया था, लेकिन वह अपनी जान बचाने में सफल हो गई थी. एसपी बलिया ओमवीर सिंह के मुताबिक आरोपी की धरपकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है.

Follow Us