यूपी में अगर खुले में फेंका कूड़ा, तो कट सकता है बिजली-पानी का कनेक्शन

बरेली में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नगर निगम ने सख्त रूख अपनाया है. नगर निगम ने कहा ऐसा करने वालों से भारी जुर्माना वसूला जाएगा. साथ ही अगर अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं तो उनका बिजली और पानी का कनेक्शन तक काटा जा सकता है.

बरेली नगर निगम

बरेली में अब खुले में कूड़ा फेंकने वालों का खैर नहीं है. स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है. खुले में कूड़ा फेंकने, सड़क किनारे गंदगी करने और कचरे को अलग-अलग न रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बार-बार नियम तोड़ने वाले बड़े संस्थानों और आवासीय परिसरों का बिजली और पानी का कनेक्शन तक काटा जा सकता है.

कूड़ा अलग-अलग रखना होगा जरूरी

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है अब हर घर, दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान को गीला, सूखा और ई-कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखना होगा. यदि जांच के दौरान कूड़ा मिला-जुला पाया गया तो संबंधित व्यक्ति या संस्थान के खिलाफ चालान किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि शहर को साफ रखने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है और नियमों का पालन हर हाल में कराना निगम की प्राथमिकता है.

मलबा फेंकने पर लगेगा भारी जुर्माना

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि ठोस कचरा प्रबंधन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा. सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण कार्य का मलबा फेंकने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा. ऐसे लोगों पर 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. वहीं नियमों की अनदेखी करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों पर 50 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया जाएगा. इसके अलावा उनके बिजली-पानी जैसे कनेक्शन पर भी खतरा आ सकता है.

निगम ने लोगों से सहयोग की अपील की

नगर निगम ने होटल, अस्पताल, मॉल और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन आरडब्ल्यूए को अपने परिसर में ही कचरा निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. निगम ने नागरिकों और व्यापारिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छ और सुंदर बरेली बनाने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है.

Follow Us