पेड़, खंभे गिरे, कई मकानों छज्जे टूटे, बरेली में आंधी-तूफान का कहर, एक की मौत, दरोगा समेत 12 घायल
बरेली में आंधी-तूफान ने भयंकर तबाही मचाई है. कई पेड़ और खंभों के गिरने की खबर है. इससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. कई मकानों के छज्जे टूट गए हैं. अगल-अलग हादसों में एक दरोगा समेत 12 लोग घायल हो गए हैं. वहीं, एक व्यक्ति पर सोलर पैनल गिरने से उसकी मौत हो गई है.
बरेली में पिछले दो दिनों से लगातार आ रही तेज आंधी और तूफान ने बरेली जिले में भारी तबाही मचा दी है. तेज हवाओं के कारण कई मकानों के छज्जे टूट गए. घरों पर लगे सोलर पैनल उड़कर नीचे गिर गए और सड़कों पर बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए. हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दरोगा समेत 12 लोग घायल हो गए. सबसे ज्यादा परेशानी बिजली और पानी को लेकर देखने को मिली. जिले में करीब 200 बिजली के खंभे गिर जाने से कई इलाकों में दो दिन तक ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी रही.
दरअसल, दो दिन से आए तेज तूफान का असर दिखाई दिया. कोहाड़ापीर, पवन विहार, संजयनगर, हरूनगला समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी. बिजली न होने से लोगों को पानी की भी भारी समस्या का सामना करना पड़ा. कई मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया, जिसके बाद नगर निगम को टैंकरों के जरिए पानी की व्यवस्था करनी पड़ी.
सोलर पैनल गिरने से युवक की मौत, कई लोग घायल
कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां पड़ोसी के मकान पर लगा सोलर पैनल तेज आंधी में उड़कर नीचे गिर गया. उस समय आंगन में सो रहे 25 वर्षीय केहरी सिंह उसकी चपेट में आ गए. गंभीर रूप से घायल केहरी सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इसी हादसे में पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय सविता के पैरों में फ्रैक्चर हो गया.
पेड़ गिरने से 4 घायल
संत मुनि आश्रम परिसर में पुराना पीपल का पेड़ गिरने से हरीश (26), रवि (30) और पप्पू उर्फ मोंटी (75) घायल हो गए, जबकि रामभरी (50) को भी चोटें आईं. बिशप मॉडल इंटर कॉलेज में चल रही नुमाइश के दौरान मिक्की माउस झूला गिर गया, जिससे संजयनगर निवासी 11 वर्षीय अनमोल और उसकी मां ज्योति घायल हो गईं.
दरोगा वीरेश कुमार भी घायल
सीबीगंज थाना परिसर में सेमल का विशाल पेड़ गिरने से दरोगा वीरेश कुमार घायल हो गए. पेड़ गिरने से मालखाने की खपरैल टूट गई, जबकि एक बाइक और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गईं. फतेहगंज पश्चिमी के रुकुमपुर गांव में शीशम का पेड़ मकान पर गिरने से फातमा घायल हो गईं. इसके अलावा देहात क्षेत्र में भी तीन अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है.
पेड़ और यूनिपोल गिरने से यातायात प्रभावित
आंधी के दौरान जिले भर में 14 यूनिपोल और दो सौ से अधिक पेड़ गिर गए. झुमका तिराहे पर बने अवैद्यनाथ द्वार के पास पुराना बकैन का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे एक तरफ का यातायात काफी देर तक बाधित रहा. कई अन्य सड़कों पर भी पेड़ गिरने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
बिजली व्यवस्था चरमराई
बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली. कई इलाकों के लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं. दो दिन से बिजली न होने के कारण घरों में पानी की समस्या बढ़ गई है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
बरेली में सबसे ज्यादा तबाही
बरेली के अलावा पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और लखीमपुर खीरी में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिला. हालांकि बारिश से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन बरेली में तूफान अपने पीछे भारी नुकसान और लोगों की परेशानियां छोड़ गया है. अब लोगों की नजरें बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौटने और प्रशासन की राहत कार्रवाई पर टिकी हुई हैं. वहीं बरेली के लोग अभी लाइट और पानी के लिए परेशान है बिजली विभाग के अधिकारी फोन भी नहीं उठा रहे हैं.
