बरेली में भीषण हादसा, परधोली के पास खड़े टैंकर से भिड़ी बोलेरो; 4 की मौके पर मौत, 6 घायल

बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार बोलेरो एक खड़े टैंकर से टकरा गई. हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए, जिसमें सवार 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए. यह हादसा परधोली तिराहे के पास हुआ है.

परधोली के पास बोलेरो-टैंकर टक्कर में 4 की मौके पर मौत

बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. बड़ा बाइपास पर परधौली तिराहे के पास खड़े एक टैंकर से तेज रफ्तार बोलेरो कार जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हुए हैं.

इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि बोलेरो में कई लोग सवार थे. टक्कर के बाद कार पूरी तरह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना बहुत मुश्किल हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम को शव निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा. घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बोलेरो के बाद पीछे से एक बाइक भी जा टकराई

इस हादसे की भयावहता यहीं खत्म नहीं हुई. बताया जा रहा है कि बोलेरो के टकराने के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी कार में जा घुसी. इससे हादसा और बड़ा हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई. शुरुआती जांच में भी तेज रफ्तार ही मुख्य वजह माना जा रहा है.

इस घटना की एक बड़ी वजह यह भी सामने आई है कि जिस टैंकर से बोलेरो टकराई, वह पहले से ही सड़क किनारे खड़ा था. जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले यानी शनिवार को इसी जगह पर टैंकर और रोडवेज बस में टक्कर हुई थी. हादसे के बाद टैंकर को हटाया नहीं गया और वह वहीं खड़ा रहा. इसी वजह से रविवार को एक और बड़ा हादसा हो गया.

टैंकर को हटा दिया जाता, तो टल सकता था हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते टैंकर को वहां से हटा दिया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था. इस लापरवाही ने चार लोगों की जान ले ली फिलहाल अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

Follow Us