लेडी डॉक्टर से रेप, फिर ब्लैकमेलिंग; अब जेल में माफी मांग रहा जिम ट्रेनर अकरम
उत्तर प्रदेश के बरेली में जिम ट्रेनर अकरम ने एक महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ देकर रेप किया और फिर सीसीटीवी फुटेज से ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठ लिए. दो साल तक शोषण के बाद अब आरोपी ने जब 50 लाख रुपये की मांग की तो डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत की. पुलिस ने अकरम और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जहां वह अपने कुकर्मों के लिए माफी मांग रहा है.
उत्तर प्रदेश में बरेली के एक जिम में महिला डॉक्टर से रेप और फिर वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. आरोप है कि जिम ट्रेनर पहले ही इस महिला डॉक्टर से लाखों रुपए की उगाही कर चुका है. चूंकि लाज बचाने के लिए डॉक्टर उसकी मांग मानती चली गई, ऐसे में अब आरोपी ने एक ही बार में 50 लाख की डिमांड कर दी. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी. अब पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर हवालात पहुंचा दिया है. जहां आरोपी अपने कर्मों के लिए माफी मांग रहा है.
मामला बरेली में थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके का है. यहां एक जिम में महिला डॉक्टर रोज एक्सरसाइज के लिए आती थी. आरोप है कि जिम ट्रेनर ने एनर्जी बूस्टर के नाम पर उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया और जब वह अचेत हो गई तो उसके साथ रेप किया. फिर जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पीड़िता को भेजकर उसे ब्लैकमेल करते हुए बार बार ना केवल अपनी हवस का शिकार बनाया, बल्कि उससे मोटी रकम भी ऐंठ ली.
दो साल से कर रहा था शोषण
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मुख्य डाकघर के पास स्थित अल्टीमेट फिटनेस क्लब जिम में ट्रेनर अकरम के रूप में हुई है. उसने यह वारदात अपने भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. इन्हें पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी जिम ट्रेनर अकरम खान मई 2024 से ही पीड़िता का यौन शोषण कर रहा था.
ऐसे हुआ खुलासा
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे ब्लैकमेल कर अब तक छोटी रकम मांगता था, लोकलाज की वजह से वह यह रकम दे भी देती थी. इससे आरोपी का मन बढ़ गया और अभी हाल ही में उसने पहले 10 लाख रुपये मांगी और अब सीधे 50 लाख रुपये मांगने लगा. ऐसे में पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दे दी. इस शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी अकरम और उसके भाई आलम को अरेस्ट कर लिया है.
