70 की उम्र में चौथा निकाह, 20 साल की बेगम के नाम की 50 करोड़ की प्रॉपर्टी; मचा बवाल
गाजियाबाद में 70 वर्षीय पूर्व पार्षद ने 20 साल की युवती से चौथी शादी कर 50 करोड़ की संपत्ति उसके नाम कर दी. दूसरी पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि 11 बच्चों के बावजूद बुजुर्ग सभी पत्नियों को घर से निकालने पर आमादा हैं. यह मामला अब संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह का रूप ले चुका है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 70 साल के बुजुर्ग ने 20 साल की लड़की से चौथा निकाह किया है. यही नहीं, बुजुर्ग ने अपनी 50 करोड़ से अधिक की प्रापर्टी भी अपनी चौथी दुल्हन के नाम करा दी है. इस संबंध में बुजुर्ग की दूसरी पत्नी ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस में शिकायत दी है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
मामला गाजियाबाद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्ठा का है. यहां रहने वाले पूर्व पार्षद हाजी खलील की दूसरी पत्नी ने नाजरीन ने अपनी शिकायत में बताया है कि पिछले दिनों पहले उनके शौहर एक जूनियर हाई स्कूल के प्रबंधक थे. दो साल पहले इस स्कूल में प्रबंधक रहते उन्होंने 20 साल की छात्रा से चौथा निकाह किया था. उसी के नाम अपनी सारी प्रापर्टी भी कर दी. जबकि उनकी दो पत्नियों से 11 बच्चे हैं. अब वह अपनी तीनों पत्नियों को घर से निकालने पर आमदा है.
दो बार पार्षद रहे हैं हाजी खलील
एडिशनल सीपी क्राइम जयकरन नैय्यर के मुताबिक कैला भट्ठा निवासी महिला नाजरीन ने अपने शिकायत में बताया है कि हाजी खलील 1995 और 2000 में इस्लामनगर से सपा के टिकट पर पार्षद रहे हैं. पहली बार पार्षद बनने के बाद साल 1998 में उन्होंने पहली शादी की. इस शादी से उन्हें 8 बच्चे हुए.फिर साल 2001 में दूसरी शादी उसके साथ की. उसके भी दो बेटियां और एक बेटा हैं. नाजरीन के मुताबिक साल 2010 में उन्होंने तीसरी शादी की. इस शादी से उन्हें कोई संतान नहीं है. अभी दो साल पहले उन्होंने चौथा निकाह किया है.
प्रापर्टी विवाद का मामला
नाजरीन ने बताया कि उसके शौहर हाजी खलील ने करीब 50 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अपनी चौथी बेगम के नाम कर दिया है. कहा कि सोमवार की शाम वह अपनी बेटियों और बेटे के साथ कैला भट्ठा स्थित दुकान पर पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक यह दुकान हाजी खलील ने कुछ साल पहले ही राशिद नामक व्यक्ति को बेच दिया था. बावजूद इसके नाजरीन और उनके बेटे व बेटियों ने राशिद को दुकान से बाहर निकालकर ताला लगा दिया. बवाल बढ़ने पर पुलिस पहुंची. आरोप है कि इस दौरान नाजरीन ने पुलिस से भी धक्का मुक्की की.
जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक पूर्व पार्षद के परिवार ने दुकान पर कब्जे का प्रयास किया है. पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत में बताया है कि महिला ने दुकानदार और पुलिस के साथ अभद्रता की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.
