पढ़ाई छोड़ो, पर्दे में रहो और हलाला करो…भाई-भाभियों ने क्यों बनाया दबाव, FIR दर्ज
बरेली में एक LLB की छात्रा को उसके भाई-भाभियों ने पढ़ाई छोड़ने, पर्दे में रहने और पूर्व पति से हलाला करने के लिए मजबूर किया. विरोध करने पर मारपीट भी की गई. पीड़िता की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में FIR दर्ज हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना महिला शिक्षा और अधिकारों पर पारिवारिक दबाव को उजागर करती है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एलएलबी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा पर उसके ही भाई और भाभियों ने पढ़ाई छोड़ने और पर्दे में रहने के लिए दबाव बनाया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि उसके पूर्व पति के साथ हलाला करने के लिए भी दबाव बनाया गया. इस संबंध में पीड़िता ने बरेली के इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक पीड़िता इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ही एक गांव की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही है. इसके साथ ही प्रशिक्षु वकील के तौर पर प्रैक्टिस भी कर रही है. उसका कहना है कि वह अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन परिवार के कुछ लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं. उसका एक छोटा भाई सऊदी अरब में रहकर मजदूरी करता है और अपनी मां के खर्च के लिए रुपये भेजता है.
हलाला के लिए बनाया दबाव
उसके दो अन्य भाई और उनकी पत्नियां उसे और उसकी मां को मकान से बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं. इस बात को लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका है. पीड़िता के मुताबिक सात अगस्त को उसके भाई, भाभियां और रिश्ते के मामा समेत कुछ लोग उसके साथ विवाद करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान उस पर पूर्व पति के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया. महिला ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उसका पूर्व पति से तलाक हो चुका है और वह इस तरह का कोई कदम नहीं उठाएगी.
विरोध पर की मारपीट
महिला के मुताबिक उसके विरोध पर आरोपी भाई, भाभियों और रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट की. परिवार के लोगों का कहना है कि उसे भी अन्य महिलाओं की तरह पर्दे में रहना होगा. उसे साफ तौर पर एलएलबी की पढ़ाई छोड़ने और वकालत की प्रैक्टिस बंद करने के लिए कहा गया. बरेली के एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
