मुहल्ले में तांत्रिक चला रहा था झाड़-फूंक की दुकान, पड़ोसियों के विरोध पर मार दी गोली
रायबरेली में झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक ने पड़ोसियों के विरोध पर गोली चला दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में हुई. लोग तांत्रिक की तंत्र-मंत्र की दुकान से परेशान थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल युवक अस्पताल में भर्ती है.
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां तांत्रिक मुहल्ले में तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका की दुकान चला रहा था. पास पड़ोस के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी तांत्रिक ने फायरिंग शुरू कर दी. इस वारदात में एक व्यक्ति को गोली लगी है. आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है. उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
मामला रायबरेली में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां एक तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र और टोना-टोटके की दुकान खोल रखी थी. इसकी वजह से पास पड़ोस के लोग परेशान हो गए थे और इसका लगातार विरोध कर रहे थे. बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी कुछ लोगों ने विरोध किया तो तांत्रिक नाराज हो गया और देखते ही देखते तमंचे से फायरिंग करने लगा. इससे मुहल्ले में दहशत फैल गई.
युवक को लगी गोली
इस फायदिंग में मौके पर मौजूद एक युवक को गोली लगी है. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया है. युवक के परिजनों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर तो है, लेकिन अभी भी उसकी स्थित नाजुक है. फिलहाल उसे डॉक्टरों ने इलाज के दौरान सघन निगरानी में रखा है.
जांच में जुटी पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम जिला अस्पताल पुलिस पहुंची, हालांकि वहां युवक की हालत नाजुक होने की वजह से उसका बयान नहीं हो सका. उधर, पुलिस की दूसरी टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच के बाद वहां पुलिस बलों की तैनाती की गई है. क्षेत्राधिकारी सदर आशीष निगम के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. इस संबंध में आरोपी तांत्रिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.
