सावन में मॉडल शॉप की कैंटीन में बिक रहा था चिकन, वीडियो वायरल होते ही छापा; संचालक गिरफ्तार
बरेली की एक शराब दुकान परिसर में चल रही कैंटीन में अवैध रूप से चिकन बेचे जाने का वीडियो वायरल हुआ. पुलिस ने संज्ञान लेते हुए FSDA टीम के साथ छापा मारा. साथ ही कैंटीन संचालक को मौके से गिरफ्तार किया है. प्रशासन ने सावन के महीने में नॉनवेज पर बैन लगाया है.
बरेली में कोतवाली क्षेत्र में जंक्शन रोड स्थित एक मॉडल शॉप की कैंटीन में चिकन बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आते ही पुलिस अलर्ट हुई और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम को साथ लेकर कैंटीन पर पहुंच गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटीन संचालक को हिरासत में लिया है.
पुलिस के मुताबिक, मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की बात कही जा रही है. जंक्शन रोड पर सरन अस्पताल के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान है. इसी परिसर में अमन नाम से कैंटीन संचालित की जा रही है. आरोप है कि बुधवार रात कैंटीन में चिकन की पकौड़ी बेची जा रही थी. इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया था.
जंक्शन चौकी इंचार्ज FSDA टीम के साथ पहुंचे
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई. मामला पुलिस तक पहुंचा तो जंक्शन चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता ने इसे गंभीरता से लिया. चौकी इंचार्ज वैभव FSDA की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने में रखे सामान और वहां चल रही गतिविधियों की जांच की. कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
मामले में पुलिस की ओर से फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, FSDA की टीम ने मौके पर क्या-क्या जांच की, वहां से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए या नहीं और कैंटीन के खिलाफ विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
कार्रवाई को लेकर जानकारी क्यों नहीं? उठे सवाल
खाद्य सहायक आयुक्त राहुल सिंह से जब मामले के संबंध में जानकारी ली गई तो उनके स्तर से मामले की जानकारी नहीं होने की बात सामने आई. ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि पुलिस के साथ FSDA की टीम मौके पर पहुंची, कैंटीन की जांच की और संचालक को हिरासत में लिया, लेकिन विभागीय कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी क्यों सामने नहीं आई.
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है. पुलिस और खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद ही यह साफ होगा कि कैंटीन संचालक के खिलाफ किस धाराओं में कार्रवाई की गई है और खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे क्या कदम उठाए जाएंगे. जंक्शन चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता ने बताया कि मौके से कैंटीन संचालक अमन को हिरासत में लिया गया है.
