‘साइको था पति’, बहन दिव्या की हत्या पर बोली प्रज्ञा; बताई वारदात की पूरी कहानी
लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की कई बातें सामने आई हैं. परिजनों के मुताबिक, 2017 में शादी के बाद दोनों 2024 से अलग रह रहे थे और दिव्या ने तलाक का केस दाखिल किया था. आरोप है कि गुरुवार को मानस वाजपेयी ने बैंक के बाहर दिव्या की गोली मारकर हत्या की. इसके बाद WhatsApp स्टेटस डालकर घर पहुंचा और अपनी बहन को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली. इस मामले में दिव्या की बहन प्रज्ञा ने मानस को साइको बताया है.
लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में अब पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर कई नए दावे सामने आए हैं. परिजनों के मुताबिक, दिव्या और उनके पति मानस वाजपेयी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था और दिव्या ने तलाक के लिए कोर्ट में केस दाखिल कर रखा था. गुरुवार को मानस ने पहले बैंक के बाहर दिव्या की गोली मारकर हत्या की.
इसके बाद मानस ने वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया कि ‘मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि वह धोखा दे रही थी, अब मैं अपनी बहन और खुद की जान ले लूंगा.’ वह हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा, जहां अपनी बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली. पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल बरामद किए जाने की बात कही है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मानस के पास हथियार कैसे पहुंचे और उसके पास कितने हथियार थे.
दिव्या की बहन प्रज्ञा ने क्या कहा?
इस हत्याकांड के बाद दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने कहा, ‘मेरी बहन दिव्या मिश्रा लखनऊ के गोमतीनगर आईसीआईसीआई बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर थी, वो पति की साइको हरकतों और बहन की पागलपन की बीमारी की वजह से अलग रह रही थी.. रोज की तरह वो सुबह नौ बजे दफ़्तर पहुंची थी..दफ़्तर पहुंचने के बाद उसने अपना कामकाज निपटाया उसके बाद वो किसी से चेक-वेक कलेक्ट करने के लिए अपने कलीग के साथ बाहर चली गई.’
प्रज्ञा मिश्रा ने आगे कहा, ‘इस दरमियान उसका साइको पति दो रिवॉल्वर के साथ ऑटो से रेकी करने लगा… जब वो बैंक पहुंची तो उसके गेट पर पति ने पहले पहली रिवॉल्वर से गोली चलायी… फिर रिवॉल्वर की बट से चेहरे सिर पर कई वार किये… पास के सब लोग जान बचाकर भाग गए… फिर दूसरा रिवॉल्वर निकाला उससे फायर किया.. माथे पर उसके बहुत बड़े-बड़े होल हैं… दिव्या तुम अब नहीं हो ये यकीन कर पाना मुश्किल है… तुम मम्मी का बेटा थीं.’
2017 में हुई थी शादी, 2024 से अलग रह रहे थे
परिजनों के मुताबिक, दिव्या मिश्रा और मानस वाजपेयी की शादी 2017 में हुई थी. दोनों के बीच विवाद के बाद 2024 से वे अलग-अलग रहने लगे थे. बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच विवाद अदालत तक पहुंच चुका था. दिव्या ने तलाक का मुकदमा दाखिल किया था. इसी दौरान दोनों के बीच रिश्ते लगातार तनावपूर्ण होते गए. पुलिस अब इस मुकदमे से जुड़े दस्तावेज, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना सकती है.
1 करोड़ रुपये मांगने का दावा
परिवार की ओर से सामने आए दावों के मुताबिक, दिव्या अपने पति से करीब 1 करोड़ रुपये की मांग कर रही थीं और इसे लेकर मानस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. यह भी दावा किया गया है कि पति की बहन के साथ दिव्या के संबंध अच्छे नहीं थे और उनके बीच विवाद होता रहता था. परिवार की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि दिव्या और मानस की बहन के बीच मारपीट तक हुई थी. वहीं, बताया गया कि मानस की बहन की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी.
बैंक के बाहर सिर में मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, मानस ने गुरुवार को दिव्या को उस समय निशाना बनाया, जब वह बैंक पहुंची थीं. बताया जा रहा है कि मिठाई वाला चौराहा और मनोज पांडेय चौराहे के बीच स्थित ICICI बैंक के बाहर सर्विस लेन पर मानस ने दिव्या के सिर में गोली मार दी. दिनदहाड़े बैंक के बाहर गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
करीब एक किलोमीटर दूर घर पहुंचा मानस
दिव्या की हत्या करने के बाद मानस मौके से निकल गया और करीब एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा. घर पहुंचते ही उसने अपनी बहन के सिर में गोली मार दी. इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली. पुलिस के पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी. परिजनों के मुताबिक, मानस वाजपेयी खुद भी बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ा था और SBI की मुंशीपुलिया शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत था.
मानस के माता-पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत
परिजनों के मुताबिक, मानस के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी सिर्फ एक बहन थी. गुरुवार की घटना में उसी बहन की भी गोली लगने से मौत हो गई. यानी इस घटनाक्रम में मानस का पूरा निकट परिवार खत्म हो गया.
दिव्या के ममेरे भाई ने बताई अलग तस्वीर
दिव्या मिश्रा के ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने घटना को लेकर मीडिया को बताया कि दिव्या और मानस के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था और करीब एक साल पहले कोर्ट केस भी दाखिल किया गया था. मयंक के मुताबिक, उन्हें करीब 12 बजे जानकारी मिली कि दिव्या बैंक पहुंची थीं और इसी दौरान वहां उनका पति मौजूद था. आरोप है कि मानस ने दिव्या को बुलाया और उनके माथे पर गोली मार दी.
प्रज्ञा और भरत से होगी पूछताछ
मयंक दीक्षित ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मानस वाजपेयी के WhatsApp स्टेटस को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मानस द्वारा लगाए गए प्रज्ञा और भारत यादव से जुड़े आरोपों को गलत बताया. मयंक ने मानस की मानसिक स्थिति को लेकर भी दावा किया. पुलिस अब इस मामले में दिव्या की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव से भी पूछताछ कर सकती है.
