धर्मांतरण, निकाह फिर फोन पर तलाक… हैरान कर देगी ये लव जिहाद की कहानी
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक चौंकाने वाला लव जिहाद का मामला सामने आया है. इसमें एक मुस्लिम युवक ने हिन्दू युवती को पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर दबाव बनाकर उसका धर्मांतरण कराया और निकाह किया. कुछ समय तक यौन शोषण के बाद उसने फोन पर ही तीन तलाक दे दिया. पीड़िता की शिकायत पर बरेली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में लव जिहाद की हैरतंगेज कहानी सामने आई है. यहां एक मुस्लिम युवक ने पहले हिन्दू लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, फिर दबाव बनाकर धर्मांतरण कराया और उससे निकाह कर लिया. कुछ दिन तक उसे अपने साथ रखकर आरोपी ने यौन शोषण किया और फोन पर ही उसे तलाक दे दिया है. मामला बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली है. करीब पांच साल पहले आरोपी अमीर हसन मंसूरी नौकरी के सिलसिले में मध्य प्रदेश गया था. वहीं पर वह आरोपी के संपर्क में आई. उस समय आरोपी ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया और फिर लोकलाज का भय दिखाकर धर्मांतरण करा दिया. इसके बाद आरोपी उससे निकाह कर उसे अपने गांव बरेली के घंघोरा ले आया.
फोन पर दिया तलाक
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने कुछ दिन तो उसे अपने साथ रखा, लेकिन बाद में वह उसे छोड़ कर भाग गया. वह उसकी तलाश कर ही रही थी कि एक दिन उसने फोन किया और फोन पर तीन तलाक देकर उससे पीछा छुड़ा लिया. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसका खाना खर्चा भी देना बंद कर दिया है. इससे उसे जीवन गुजारना भी मुश्किल हो गया है.
दूसरी शादी और मकान बेचने की धमकी
पीड़िता के मुताबिक गांव का ही आतिक नाम का युवक उसके पति का सहयोग कर रहा है. उसने उसके पति की दूसरी शादी कराने और घर को बेचने तक की कवायद शुरू कर दी है. इससे परेशान होकर उसने भोजीपुरा थाने में तहरीर दी है. पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर पीड़िता के पति अमीर हसन मंसूरी और उसके दोस्त आतिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
