बारातियों के स्वागत में जुटे थे घर वाले, तभी दुल्हन ने चुपके से कर दिया कांड; दर्ज करानी पड़ी FIR
उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी की तैयारियों के बीच एक दुल्हन अपने प्रेमी के साथ एक लाख नगदी और विदाई के गहने लेकर फरार हो गई. बारात आने से कुछ घंटे पहले हुई इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया. दुल्हन की मां ने प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बारात आने से ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. जाते जाते यह दुल्हन अपने साथ एक लाख की नगदी और विदाई के लिए बने सोने व चांदी के जेवर भी समेट ले गई है. जानकारी होने पर दुल्हन के पिता के तो पैरों तले जमीन सरक गई. दोस्तों रिश्तेदारों में भी हड़कंप मच गया. इस संबंध में दुल्हन की मां ने उसके प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ थाना क्योलाड़िया में मुकदमा दर्ज कराया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित मां ने पुलिस को दिए शिकाय में बताया कि उनकी बेटी की शादी पीलीभीत जिले के जरौला थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ तय हुई थी. शुक्रवार को बारात आनी थी. इसके लिए घर में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मंडप सजा था, रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे और पूरे परिवार में शादी की खुशियां थीं. लेकिन बारात आने के कुछ घंटे पहले यानी गुरुवार रात एक युवक उनकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया.
सुबह हुआ खुलासा
दुल्हन की मां ने बताया कि पूरा परिवार गुरुवार रात खाना खाने के बाद सो गया था. शुक्रवार की सुबह परिवार के लोग जागे तो युवती अपने कमरे में नहीं मिली. पहले घर और आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला तो रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया. इसके बाद पुलिस में शिकायत दी. कहा कि पीलीभीत के आसाम चौराहा निवासी शिवम उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. दुल्हन की मां ने इस वारदात में शिवम के भाई सुनील कुमार और गांव में ही रहने वाले उसके चाचा नारायन लाल को सहयोगी बताया है.
नकदी-जेवर भी ले गई
युवती की मां ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनकी बेटी घर से जाते समय एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई है. उन्होंने इस संबंध में आरोपियों के घर जाकर शिकायत की, लेकिन उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें भगा दिया गया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद दूल्हा पक्ष को भी जानकारी दी गई और शादी की तैयारियां रोक दी गई हैं. पुलिस के मुताबिक युवती की मां की शिकायत पर आरोपी शिवम, सुनील कुमार और नारायन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
