पत्नी से मारपीट कर रहा था हैवान, बीच बचाव करने पहुंचे पिता तो चाकू घोंपकर ले ली जान
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता की हत्या कर दी. बेटे और बहू के बीच मारपीट चल रही थी, जिसमें बुजुर्ग पिता ने अपनी बहू को बचाने की कोशिश की. इसी दौरान आक्रोशित बेटे ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी फरार है. यह घटना घरेलू हिंसा और शराब के दुष्परिणामों को उजागर करती है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक कलियुगी बेटे ने अपने ही पिता के पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी है. पिता की गलती इतनी भर थी कि वह बेटे बहू की मारपीट में बीच बचाव करने चले गए. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला बरेली बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के तैयतपुर गांव का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी बेटा शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था. इस बात के लिए उसकी पत्नी ने टोका तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी. बुजुर्ग पिता को देखा नहीं गया तो वह बहू को बचाने पहुंच गए. इसी बात पर आरोपी ने गुस्से में आकर उनके ऊपर सब्जी काटने वाली छुरी से हमला कर दिया. छुरी पेट में और सीने में लगी. इससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी शव वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया.
शराब के नशे में हो गया खून
पुलिस के मुताबिक तैयतपुर गांव निवासी बाबूराम कोरी को शराब पीने की लत है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह शराब पीकर घर पहुंचा था. उस समय घर में खाना तैयार नहीं था. इसी बात पर पत्नी पुष्पा के साथ शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. बहू की पिटाई देखकर आरोपी बाबूराम के 70 वर्षीय पिता रामदीन को देखा नहीं गया और वह बीच-बचाव करने पहुंच गए. यही बात बेटे को नागवार लगी और उसने पति की हत्या कर दी.
पड़ोसियों को आते देख भागा आरोपी
वारदात के वक्त पुष्पा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी पड़ोसियों को देखते ही मौके से फरार हो गया. पड़ोस में रहने वाले बाबूराम के बहनोई वीरपाल ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया. बाद में उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर सीओ हाईवे देवेश सिंह बिथरी चैनपुर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
