कांवड़ यात्रा पर सख्त हुए सीएम योगी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सावन की कांवड़ यात्रा और आगामी धार्मिक पर्वों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने, मिलावट, ओवररेटिंग और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. यात्रा मार्गों पर सड़क, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और आगामी धार्मिक पर्वों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. साथ ही, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने, मिलावट, ओवररेटिंग, अव्यवस्था या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बरावफात और रक्षाबंधन जैसे आगामी आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया. बैठक में प्रदेश के सभी मंडलों और जिलों से जुड़े प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया. मेरठ मंडल की तैयारियों का विशेष प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के लिए मॉडल के रूप में अपनाने के निर्देश दिए.
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन किया जाए. यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या यात्रा में व्यवधान पैदा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के भी निर्देश दिए गए.
यात्रा मार्गों पर बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुविधाजनक होने चाहिए. जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए. मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. चिकित्सा शिविर प्रभावी ढंग से संचालित हों तथा एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज इंजेक्शन सहित सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध रहे. प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं एवं भजन प्रसारित करने के भी निर्देश दिए गए.
कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय प्रशासन कांवड़ संघों के साथ नियमित संवाद बनाए रखे और शिविर संचालकों का समय से सत्यापन पूरा करे. हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाए ताकि कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई और अन्य मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके. उन्होंने कहा कि यात्रा अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में लाखों श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं. इसलिए हर जिले में व्यवस्थाओं का स्तर एक समान होना चाहिए.
मांस-मदिरा की दुकानों पर भी सख्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यात्रा मार्गों पर मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए. इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग और श्रद्धालुओं के शोषण की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यात्रियों को स्वच्छ और सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी रखे.
सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष जोर
बैठक में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी कंट्रोल रूम सक्रिय रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही वीआईपी मूवमेंट और आम जनजीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, इसके लिए पहले से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए.
