फरीदापुर गांव में नाले में मिले गोवंश के अवशेष, ईद के दिन बरेली में तनाव; मौके पर भारी पुलिस बल

बरेली के फरीदापुर गांव में ईद के दिन तनाव की स्थिति बना गई है. गांव के पास एक नाले में कई गौवंश के अवशेष मिले हैं. स्थानीय लोगों और हिन्दू संगठनों में गहरा आक्रोश देखा गया. हालाकिं, पुलिस ने तुरंत भारी बल तैनात कर स्थिति संभाली और जेसीबी से अवशेष हटवाए. प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है.

बरेली में ईद पर गौवंश के अवशेष मिलने से हंगा

बरेली के इज्जत नगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर गांव में ईद के मौके पर एक ऐसी घटना सामने आई, जिससे इलाके का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. गांव के पास एक नाले में कई गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध शुरू कर दिया.

लोगों का कहना है कि नाले में कई गायों के सिर और अन्य अवशेष पड़े हुए थे. यह खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और जमकर हंगामा किया. लोगों का कहना कि ईद के मौके पर इस तरह की घटना से माहौल खराब करने की कोशिश की गई.

मौके पर पुलिस बल तैनात, कार्रवाई का आश्वासन

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. क्षेत्राधिकारी सीओ पंकज श्रीवास्तव खुद मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस लगातार भीड़ को समझाने का प्रयास करती रही. हालांकि, कुछ समय तक लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की. मौके पर मुर्दाबाद के नारे लगा रहे है और जमकर नारेबाजी की जा रही है. वहीं, नाले में पड़े गोवंश के अवशेषों को जेसीबी से बाहर निकाला जा रहा है.

स्थिति काबू में, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

प्रशासन जेसीबी की मदद से एक-एक कर अवशेषों को बाहर निकाला जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 6 से 7 गायों के अवशेष वहां मिले हैं. स्थानीय लोग और ज्यादा आक्रोशित हो गए. पुलिस ने मौके को घेर लिया और अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्ती बरती. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे.

पुलिस-प्रशासन जांच में जुट गए हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये अवशेष वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. फिलहाल, गांव में स्थिति तनावपूर्ण है.

Follow Us