एक साथ 7 कॉन्स्टेबल नपे! सिपाही को मेयर का पॉडकास्ट पड़ा भारी, SSP ने किया सस्पेंड
बरेली में सोशल मीडिया पर मेयर डॉ. उमेश गौतम का पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर प्रसारित करना एक पुलिसकर्मी को महंगा पड़ गया. रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन के आरोप में एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. इसी आदेश में छह अन्य पुलिसकर्मियों पर भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है.
बरेली में सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले एक पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई की गई है. रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार को बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम का पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना महंगा पड़ गया. उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
इसी आदेश में छह अन्य पुलिसकर्मियों पर भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है. एक साथ सात पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए विभागीय नियमों तथा सोशल मीडिया पॉलिसी का पालन अनिवार्य है.
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे सिपाही अजय कुमार
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार लंबे समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय थे. वह सामाजिक, प्रशासनिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों से जुड़े वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते थे. उनके कंटेंट में पॉडकास्ट, इंटरव्यू, प्रेरणादायक बातचीत और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद प्रमुख रूप से शामिल रहते थे. हाल ही में उन्होंने बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम के साथ एक लंबा पॉडकास्ट रिकॉर्ड किया था.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और काफी चर्चा में रहा. इससे पहले भी वह कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के इंटरव्यू और पॉडकास्ट साझा कर चुके थे. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फॉलोइंग थी और उनके वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिक्रिया देते थे.
सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन का आरोप
पुलिस विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के तहत कोई भी वर्दीधारी पुलिसकर्मी विभाग की पूर्व अनुमति के बिना इस प्रकार का कंटेंट तैयार या प्रसारित नहीं कर सकता. इसी नियम के उल्लंघन को आधार बनाते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने अजय कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या विभागीय दिशा-निर्देशों का अन्य स्तरों पर भी उल्लंघन हुआ है.
सात पुलिसकर्मियों पर एक साथ कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश में केवल अजय कुमार ही नहीं, बल्कि छह अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. जानकारी के अनुसार, चार रिक्रूट सिपाहियों को अवकाश समाप्त होने के बाद समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटने के आरोप में निलंबित किया गया है. रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात एक आरक्षी पर निर्धारित ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने का आरोप है. एक कुक पर ड्यूटी करने से इनकार करने का आरोप लगा है.
