फेसबुक पर बुना प्यार का जाल, विधवा महिला को शादी का सपना दिखाकर ठग लिए 13 लाख रुपये

बरेली में फेसबुक पर एक युवक ने विधवा महिला से दोस्ती की. फिर उसे शादी का वादा किया और 13 लाख रुपये ठग लिया. महिला से पैसे लेने के बाद युवक ने उसका कॉल और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया. तब जाकर महिला को अपने साथ हुए ठगी का एहसास हुआ.

(साइबर फ्रॉड) सांकेतिक तस्वीर

सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक बातचीत ने बरेली की एक विधवा महिला की जमापूंजी छीन ली. पति के निधन के बाद अकेले जीवन गुजार रही महिला को एक युवक ने पहले दोस्ती, फिर शादी का भरोसा दिया. फिर आखिर में धोखा दे दिया. साथ ही 13 लाख रुपये ठग लिए. मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम थाना जांच में जुट गया है.

दरअसल, सुभाषनगर थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उनके पति का निधन हो गया था. परिवार की जिम्मेदारियों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने बैंक खाते में करीब 13 लाख रुपये सुरक्षित रखे थे. इसी दौरान फेसबुक पर उनकी पहचान एक युवक से हुई.

पहले भरोसा जीता, फिर शादी की बात कर 13 लाख रुपये ठगे

युवक ने अपना नाम राज खुराना बताया. उसने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में रहता है. शुरुआत में सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन कुछ ही दिनों में उसने महिला का विश्वास जीत लिया. धीरे-धीरे बातचीत फेसबुक से व्हाट्सएप पर पहुंच गई .महिला का आरोप है कि युवक ने बातचीत के दौरान खुद को अकेला बताया और कहा कि वह भारत आकर उनसे मिलना चाहता है.

कुछ दिन बाद उसने शादी करने की बात कही. महिला को लगा कि शायद जिंदगी को नया सहारा मिल सकता है और उन्होंने उसकी बातों पर भरोसा करना शुरू कर दिया. युवक ने कहा कि वह 31 मई को ऑस्ट्रेलिया से भारत आ रहा है और सीधे बरेली पहुंचकर मुलाकात करेगा. तय तारीख पर महिला को उसका फोन आया. उसने बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुका है, लेकिन कस्टम अधिकारियों ने उसे रोक लिया है.

उसने कहा कि कुछ जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी करने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है. युवक ने भरोसा दिया कि जैसे ही वह बाहर आएगा, रकम वापस कर देगा और बरेली पहुंच जाएगा.महिला ने शुरुआत में मदद के तौर पर रकम भेज दी. इसके बाद युवक अलग-अलग कारण बताकर बार-बार पैसे मांगता रहा. कभी कस्टम शुल्क, कभी क्लियरेंस और कभी दूसरे खर्च का हवाला देकर उसने कई बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई.

जब संपर्क टूटा तो खुला ठगी का पूरा खेल

महिला ने भरोसे में आकर धीरे-धीरे कुल 13 लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेज दिए. पैसे भेजने के बाद उन्हें युवक के आने का इंतजार रहा, लेकिन वह न तो बरेली पहुंचा और न ही कोई स्पष्ट जवाब दिया.कुछ समय बाद उसका फोन बंद आने लगा और संदेशों का जवाब भी मिलना बंद हो गया. तब महिला को शक हुआ और उसने पूरे मामले की जानकारी जुटाई. जांच करने पर उन्हें एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं. इसके बाद महिला ने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबर और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है.

Follow Us