BJP विधायक के अस्पताल में बड़ा हादसा, एक्स-रे मशीन गिरने से मरीज की मौत; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बरेली में भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के अस्पताल में एक्स-रे मशीन गिरने से 70 वर्षीय मरीज मिश्रीलाल की दुखद मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. इस घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

घटना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के बरेली में भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के आर्य अस्पताल में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. नवाबगंज स्थित इस अस्पताल में भर्ती 70 वर्षीय मरीज की एक्स-रे मशीन गिरने से मौत हो गई. इस मरीज को एक्स-रे कराने के लिए मशीन के पास लाया गया था. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मिश्रीलाल निवासी शाहपुर गांव, नवाबगंज के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि मिश्रीलाल को पेट में दर्द की शिकायत थी. उन्हें इलाज के लिए आर्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां मंगलवार को डॉक्टरों ने उनका एक्स-रे कराने के लिए कहा. इसके बाद परिजन उन्हें एक्स-रे रूम में ले गए, जहां अचानक से मरीज के ऊपर ही एक्स-रे मशीन गिर पड़ी, जिसमें उनकी मौत हो गई है.

हादसे के बाद मचा हड़कंप

हादसे के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया. सीओ और कोतवाल ने पुलिस बल के साथ बड़ी मुश्किल से अस्पताल परिसर की स्थिति संभाली. पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है.

मरीज के परिवार में छाया मातम

हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा. वहीं, मिश्रीलाल की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया. अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल अस्पताल में एक्स-रे मशीन की सुरक्षा और उसे संचालित करने की व्यवस्था को लेकर उठ रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. उधर, भाजपा विधायक एमपी आर्य ने कहा कि मरीज थोड़ा क्रिटिकल था, उसका पैर मशीन में लगा. इसी वजह से मशीन का कुछ हिस्सा गिरा और यह हादसा हो गया.

Follow Us