बस्ती शादी कांड: बार-बार रसगुल्ला निकालने पर कैटरर्स ने मासूम को तंदूर में फेंका, लखनऊ रेफर
बस्ती में एक शादी समारोह में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महज एक रसगुल्ले के विवाद में एक कैटरिंग ठेकेदार ने 11 वर्षीय मासूम बच्चे को जलते तंदूर में फेंक दिया. बच्चा चेहरे से कमर तक बुरी तरह झुलस गया है और लखनऊ में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मलौली गोसाई गांव में एक विवाह समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां महज एक रसगुल्ले के विवाद में कैटरिंग ठेकेदार ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक 11 वर्षीय बालक को जलते हुए तंदूर में फेंक दिया. आग की लपटों से बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया है.
पीड़ित बच्चे की हालत गंभीर है, उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थानांतर्गत दुर्जनपुर निवासी चमन (11) पुत्र संतोष, बुधवार को वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था.
पहले बच्चे को डराया, फिर जलते तंदूर में फेंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी में खुशी का माहौल था और चमन खेल-कूद रहा था. इसी दौरान वह भोजन स्थल पर गया और वहां रखे रसगुल्ले निकाल कर खाने लगा. आरोप है कि बार-बार रसगुल्ला निकालने पर वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार अपना आपा खो बैठा. उसने पहले बच्चे को पकड़कर डराया और फिर उसे उठाकर जलते हुए तंदूर के ऊपर कर दिया.
इसी बीच अनियंत्रित होकर बच्चा सीधे तंदूर के भीतर जा गिरा. तंदूर से बच्चे की चीखें सुनकर शादी समारोह में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था. उसे तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया.
मां के निधन के बाद ननिहाल में रह रहा था बच्चा
घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. लेकिन तबतक आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गया था. पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद ने आरोपी तंदूर कारीगर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है. डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया, आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है.
बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्चा अपनी मां के निधन के बाद से ही बस्ती के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था. नानी के साथ वह खुशी-खुशी शादी में शामिल होने गया था, लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी मासूमियत पर कोई इतना भारी पड़ेगा. इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के लोगों में भारी गुस्सा है. अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा देने का मांग हो रही है.
