‘ठीक सी महिला लाकर वनकर्मियों पर रेप केस दर्ज कराओ’….बिजनौर से किसान नेताओं का शर्मनाक वीडियो वायरल

बिजनौर से किसान नेताओं का एक शर्मनाक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे कोई ठीक सी महिला लाने और रेप केस दर्ज कराने की बात कर रहे हैं. दरअसल, वन विभाग ने अफजलगढ़ क्षेत्र में अवैध लकड़ी से भरो एक पिकअप वैन पकड़ी थी. लेकिन किसान नेताओं ने आरोपियों को जबर्दस्ती छुड़ा लिया. यह वीडियो उस मामले के बाद का ही बताया जा रहा है.

बिजनौर से किसान नेताओं का शर्मनाक वीडियो वायरल

वनकर्मियों से लकड़ी माफिया को छुड़ाने के दौरान का भाकियू के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है. इसमें एक पदाधिकारी कह रहा है कि कोई ‘ठीक सी महिला लाकर वन कर्मियों पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दो . इन पर मुकदमे दर्ज होंगे तो अक्ल आ जाए‌गी. यह वीडियो वन विभाग के अधिकारियों ने शासन तक भेजा है. इस मामले में वन विभाग की ओर से अफजलगढ़ और रेहड़ थाने में तहरीर दो गई थी. अफजलगढ़ थाने में दोनों लकड़ी माफिया और भाकियू जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

आरोपियों को भकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस से छुड़ा लिया था

बुधवार यानी 01 अप्रैल को वन विभाग ने अफजलगढ़ क्षेत्र में अवैध लकड़ी से भरो एक पिकअप वैन पकड़ी थी. वन विभाग की टीम से बचने के दौरान आरोपियों ने गाड़ी में भरी लकड़ी को मीरापुर चौराहे के पास खाली कर दिया था. लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया. टीम आरोपियों को लेकर जा रही थी. इस बीच भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मदन सिंह राणा ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ रेहड़ के सेंटर चौराहे के पास आरोपित शमशेर को छुड़ा लिया.

भाकियू नेताओं का गाली-गलौज का वीडियो हो रहा वायरल

भाकियू नेताओं और कार्यकताओं का वन कर्मियों से गाली-गलौज करते हुए एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. बिजनौर डीएफओ जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि सरकारी पेड़ों को काट कर ले जा रहे लोगो को पकड़ा तो चोरी ऊपर से सीना जोरी कर रहे है. इस मामले में पुलिस को तहरीर दे कर मुकदमा कराया गया है. विभाग के उच्च अधिकारियों को भी वीडियो भेजा गया है.

भाकियू जिला उपाध्यक्ष ने क्या कहा?

भाकियू जिला उपाध्यक्ष मदन सिंह राणा का कहना है कि वे हमेशा किसानों के हक के लिए ही संघर्ष करते हैं. वन कर्मियों पर रेप के मुकदमे दर्ज करने की बात वनकर्मियों को डराने धमकाने के लिए की है. अफजलगढ सर्किल के पुलिस सीओ आलोक सिंह का कहना है कि गुरुवार को अफजलगढ थाने में लकड़ी माफिया शमशेर, लखबीर सिंह तथा मदन सिंह राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us