‘साहब, बिटिया की बारात आने वाली है, सिलेंडर दिला दिजिए’…बेबस पिता ने डीएम से लगाई मदद की गुहार
ग्रेटर नोएडा के खानपुर गांव निवासी अनिल भाटी अपनी बेटी की शादी की तैयारी में जुटे हुए हैं. शादी 27 अप्रैल को है. इसके लिए अनिल भाटी को करीब 20 कमर्शियल गैस सिलेंडर की जरूरत है. पिछले कई दिनों से अनिल भाटी एक-एक सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं. ऐसे में अब उन्होंने जिलाधिकारी से मदद मांगी है.
नोएडा में गैस सिलेंडर की कमी अब आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है. इसका दर्द उस समय खुलकर सामने आया जब एक बेबस पिता अपनी बेटी की शादी के इंतजाम के लिए गैस सिलेंडर न मिलने पर सीधे जिलाधिकारी के पास पहुंच गया और मदद की गुहार लगाई.
ग्रेटर नोएडा के खानपुर गांव निवासी अनिल भाटी अपनी बेटी की शादी की तैयारी में जुटे हुए हैं. शादी 27 अप्रैल को है लेकिन सबसे जरूरी चीज गैस सिलेंडर का इंतजाम नहीं हो पा रहा था. ऐसे में पिता को मजबूरी में प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा. अनिल भाटी को करीब 20 कमर्शियल गैस सिलेंडर की जरूरत है.
20 सिलेंडर की जरूरत लेकिन नहीं मिल पा रही सप्लाई
पिछले कई दिनों से अनिल भाटी एक-एक सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्थानीय एजेंसी पर भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं है जबकि ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर गैस मिल रही है. सीमित बजट होने के कारण वह महंगे दाम पर सिलेंडर खरीदने में असमर्थ है.
जिलाधिकारी से मिलकर अनिल भाटी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा की शादी की तारीख नजदीक है. लेकिन गैस का इंतजाम नहीं हो पा रहा है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि अगर समय पर सिलेंडर नहीं मिला तो शादी का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है.
नोएडा ग्रेटर नोएडा में बढ़ती गैस सिलेंडर की किल्लत
यह मामला सिर्फ एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की समस्या को उजागर करता है पिछले कुछ महीनो में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी देखी जा रही है. शादी और समारोह के सीजन में मांग अचानक बढ़ गई है. औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण भी खपत बढ़ी है. सप्लाई चैन में बाधा के चलते एजेंसी पर स्टॉक कम पड़ रहा है.
सिलेंडर के चलते कई छोटे बड़े आयोजन प्रभावित हो रहे हैं. लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं अगर नोएडा और ग्रेटर नोएडा की बात करें तो एजेंसीज पर सिलेंडर नहीं मिल पा रही है. वहां पर लोगों की लंबी-लंबी कटारे देखने को मिल रही है. वहीं, दूसरी ओर ब्लैक मार्केट में मनमाने दामों पर गैस बेची जा रही है.
जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
पीड़ित पिता की गुहार सुनने के बाद गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी रुपम मेधा ने उन्हें मदद का भरोसा दिया है. डीएम ने कहा है कि वह पहले स्थानीय भारत गैस एजेंसी से संपर्क करें यदि वहां भी सिलेंडर नहीं मिले तो वह दोबारा डीएम कार्यालय पर सूचना दें. प्रशासन इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करेगा और समाधान निकालने की कोशिश करेगा.
