‘मम्मी ने पापा को मार दिया’… 5 साल के बेटे ने खोला राज; पत्नी ने तकिए से ली पति की जान

बिजनौर में एक सनसनीखेज वारदात हुई है. अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने कथित तौर पर तकिए से पति की हत्या कर दी. इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश दंपती के 5 साल के मासूम बेटे ने पुलिस के सामने किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बिजनौर: अवैध संबंधों पर पत्नी ने की पति की हत्या

बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के नाईपुरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. जहां अवैध संबंधों के विरोध पर एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने ही पति की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी. मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि घटना का खुलासा दंपती के 5 साल के मासूम बेटे ने किया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, नाईपुरा उर्फ जूझारपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय कुंवरसेन खेती और मजदूरी करता था. ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि कुंवरसेन को अपनी पत्नी कमेंद्री के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी.

रात में सोते समय वारदात को दिया अंजाम

इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू कलह और मारपीट होती रहती थी. घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था. आरोप है कि बुधवार रात करीब 9 बजे कुंवरसेन जब घर लौटा, तो फिर से विवाद हुआ और उसके बाद वह चारपाई पर सो गया. रात में गहरी नींद में सोते समय कमेंद्री ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

आरोपी पत्नी ने पहले पति के सिर और पैरों पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे अधमरा किया और फिर तकिए से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद आरोपी महिला ने खुद ही शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की कि कुमरसेन की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है. पुलिस के सामने भी बेहोश होने का नाटक करती रही.

5 साल के मासूम ने खोला हत्या का राज

इस अंधे कत्ल की गुत्थी तब सुलझी जब पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच कर रही थी. उसी समय मृतक के 5 वर्षीय बेटे हिमांशु ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस और परिजनों के सामने रोते हुए सच उगल दिया. मासूम ने बताया, ‘मम्मी ने ही पापा को मारा है, उन्होंने पापा के मुंह पर तकिया रखा था.’ इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया.

बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने जब शव का बारीकी से निरीक्षण किया, तो कुमरसेन के सिर और पैरों पर चोट के गंभीर निशान पाए गए. चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) देश दीपक सिंह ने बताया कि युवक का शव उसके घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है.

अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चे के बयान को जांच का हिस्सा बनाया गया है, लेकिन मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आने के बाद ही होगी. फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.

Follow Us