बच्चों की सुरक्षा ताक पर! स्कूल वैन में पहले ठूंसा, फिर बाकी बच्चों को छत पर बैठाया; VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक स्कूल वैन का चौंकाने वाला वीडियो वायरल है. इसमें बच्चों को वैन के भीतर ठूंस-ठूंसकर और कई को छत पर बिठाया गया है. बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर की जा रही इस लापरवाही पर अभिभावकों में गहरा आक्रोश है. लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन पर शिकंजा कसने की मांग कर रहे हैं.

स्कूल वैन की छत पर बैठे बच्चे

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक स्कूल वैन का हैरतंगेज वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो वैन के अंदर बच्चे ठूंस-ठूंसकर भरे हैं. वहीं कई बच्चों को बस की छत पर भी बैठाया गया है. इसके बाद यह स्कूल वैन तेजी से स्कूल की ओर दौड़ती निकल जाती है. स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला बिजनौर जिले के अफजलगढ़ इलाके में असफाबाद चमन गांव का बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक यह स्कूल वैन यहां राखी मेमोरियल विद्या निकेतन जनता इंटर कॉलेज की है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन और वैन चालक चंद पैसों के लालच में बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह की लापरवाही कर रहे हैं. यह सीधे-सीधे बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ हैं. सफर के दौरान अगर वैन का थोड़ा भी संतुलन बिगड़ता है या कोई हादसा होता है, तो वैन की छत पर बैठे बच्चों के साथ अनहोनी हो सकती है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो पर तमाम अभिभावकों में आक्रोश है. लोग इस वीडियो की जांच कराने और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं. अभिभावकों का कहना है कि यह वीडियो अपने आप में पुलिस और प्रशासन के लिए सबूत है. इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल वैन के भीतर बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में बिठाया गया है. वहीं अंदर जगह कम पड़ गई तो बाकी बच्चें को वैन की छत पर बैठा लिया गया.

किसी राहगीर ने बनाया वीडियो

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा यह वीडियो किसी राहगीर ने बनाया है. सोशल मीडिया में इस वीडियो को अपलोड करते हुए कमेंट की बाढ़ आ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की बात नहीं है. ऐसे ही रोज होता है और मासूम बच्चों को अपना जीवन दांव पर लगाकर स्कूल तक का सफर तय करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और बिजनौर पुलिस से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने, वैन का चालान काटने और स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की है.

Follow Us