जौनपुर में BLO का बड़ा कबूलनामा , BJP बूथ अध्यक्ष ने 17 नामों को वोटर लिस्ट से हटाने के लिए दिए फार्म-7

अखिलेश यादव ने लगातार बीजेपी पर फार्म 7 के जरिए विपक्षी पार्टियों के समर्थक मतदाताओं का वोटर लिस्ट से नाम कटवाने का आरोप लगा रहे हैं. इन सबके बीच जौनपुर के शाहगंज विधानसभा क्षेत्र कि पोलिंग बूथ संख्या- 332 की बीएलओ शशिबाला ने स्वीकारा है कि बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष ने 17 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए उन्हें फार्म 7 सौंपा था.

BLO शशिबाला का खुलासा

जौनपुर के शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष पर समाजवादी पार्टी के 21 समर्थक, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय के वोटर का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से अवैध तरीके से डिलीट कराने के लिए बीएलओ को फार्म-7 देने और दबाव बनाने का आरोप लग रहा है.

इसको लेकर टीवी9 भारतवर्ष ने शाहगंज के उप जिला निर्वाचन अधिकारी / उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव से बात की. उन्होंने बताया कि एक दो लोगो की तरफ से मौखिक रूप में इस तरह की बातें संज्ञान में आई हैं. लेकिन हमने जिन लोगों को वोटर लिस्ट के काम में लगाया है. उन्हें अच्छे से प्रशिक्षण दिया गया है. उन्हें सख्त निर्देश भी है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अखिलेश के आरोप उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल गौरव ने कहा कि अब तक उनकी जानकारी में ऐसा कुछ नहीं है. हमारे क्षेत्र में किसी बीएलओ की तरफ से ऐसी जानकारी नहीं दी गई है. अगर ऐसा होता है तो सख्त कदम उठाए जाएंगे.

मतदाता सूची से नाम कटवाने जैसे मामले की जानकारी नहीं

बता दें कि शाहगंज विधानसभा के बूथ संख्या 332 कानामऊ में BJP के बूथ अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता पर BLO शशिबाला उपाध्याय को 17 अल्पसंख्यक मतदाताओं के फॉर्म 7 लिफाफे में देने और नाम वोटर लिस्ट से कटवाने का आरोप लगा है. इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल गौरव ने कहा कि उनके पास अब तक ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं आई है.

बिना सत्यापान के नहीं कट सकता नाम

उन्होंने आगे कहा कि अगर आप बता रहे है तो वह BLO से बात करके पता करेंगे. उन्होंने बताया कि फॉर्म 7 भरकर कोई दे सकता है लेकिन किसी का नाम ऐसे नहीं कट जाता, उसके लिए उसकी जांच होती है. BLO और सुपरवाइजर उसका सत्यापन करते हैं. हमारे कर्मचारी ठीक तरीके से काम कर रहे हैं, बाकी राजनैतिक आरोप प्रत्यारोप मेरा विषय नहीं है. मेरे किसी कर्मचारी की तरफ से कहीं भीगलत किया जा रहा हो तो मुझे तुरंत बताएं. सख्त कार्यवाही की जाएगी.

बीएलओ ने कहा-BJP के बूथ अध्यक्ष ने दिया था फॉर्म 7

वहीं, टीवी9 ने जब बीएलओ शशिबाला उपाध्याय से बात की तो उन्होंने स्वीकारा कि उन्हें एक बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष ने 17 मतदाताओं के नाम काटने के लिए फार्म 7 सौंपा था. उन्होंने कहा कि मै किसी का नाम नहीं काटूंगी, न ही किसी का नाम कटेगा. यह बात मैं बीजेपी के बूथ अध्यक्ष से भी कह चुकी हूं.

अखिलेश यादव ने लगाए थे ये गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर बीजेपी के ऊपर आरोप लगाते हुए सिलसिलेवार कई सारे ट्वीट किया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी फॉर्म 7 के जरिए विपक्षी पार्टियों के समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश कर रही है. उन्होंने कहा इस प्रक्रिया में पीडीए समुदाय और अल्पसंख्यकों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है. कई मतदाकताओं को पता ही नहीं है कि उनके नाम पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि उनके सभी दस्तावेज सही हैं.