होटल में छक कर खाए दरोगा जी, पैसे मांगने पर मालिक को दी जेल भेजने की धमकी; SSP ने बैठाई जांच
बुलंदशहर में एक दरोगा ने होटल में मुफ्त खाना खाकर पैसे मांगने पर मालिक को जेल भेजने की धमकी दी. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद होटल मालिक ने एसएसपी से शिकायत की. वहीं एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं, जिससे यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. यह घटना पुलिस के दागदार चेहरे को उजागर करती है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस का दागदार चेहरा एक बार फिर सामने आया है. यहां एक दरोगा ने पहले होटलमें छककर खाना खाया, लेकिन जब होटल मालिक ने पैसे मांगे तो उसे झूठे केस में फंसा कर जेल भेजने की धमकी दी. इसको लेकर होटल मालिक और दरोगा के बीच झड़प भी हुई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. होटल मालिक ने इस वीडियो के साथ एसएसपी बुलंदशहर को शिकायत दी है.
मामला बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलुर चौराहे का है. पीड़ित होटल मालिक के मुताबिक इसी चौराहे पर उसका ढाबा है. रोज की रह रविवार की रात को अमरगढ़ चौकी पर तैनात सिपाही सचिन खाना लेने आया था. ढाबा संचालक जितेंद्र ने खाना पैककर सिपाही सचिन को दे दिया, लेकिन सिपाही बिना पैसे दिए जाने लगा तो जितेंद्र ने उसे रोक लिया. ऐसे में सिपाही ने पहले तो पैसे देने से मना किया, लेकिन जितेंद्र नहीं माना तो उसने फोन कर चौकी से दरोगा विशाल चौधरी को बुला लिया.
दरोगा ने दी धमकी
पीडित जितेंद्र ने बताया कि चौकी इंचार्ज विशाल चौधरी ने आते ही उसे धमकाना शुरू कर दिया. यहां तक कि उसे पकड़कर चौकी ले जाने लगे. इस दौरान हंगामा बढने पर दरोगा और सिपाही दोनों उन्हें छोड़ कर भाग गए. इस संबंध में पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर उच्चाधिकारियों से शिकायत दी. इस शिकायत के आधार पर एसएसपी ने एसपी देहात को जांच के आदेश दिए हैं.वहीं एसपी देहात ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है.
ये है शिकायत
एसएसपी को दिए शिकायत में जितेंद्र ने बताया कि रोज रात में दरोगा का खाने के लिए फोन आता है और वह चौकी में खाना पहुंचाता भी है.रविवार को भीड़ ज्यादा थी, इसलिए वह खाना लेकर चौकी नहीं जा सका था. इसलिए दरोगा ने सिपाही को खाना लेने भेजा. यहां उसने खाने के पैसे के लिए बात की तो पहले सिपाही और फिर दरोगा ने उसके साथ गाली गलौज की और जेल भेजने की धमकी दी. एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह के मुताबिक सीओ से मामले की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने पर आग की कार्रवाई होगी.
रिपोर्ट: सुमित शर्मा, बुलंदशहर
