TMC सांसद सायनी घोष का सिर कलम करने पर ₹1 करोड़ का ईनाम! UP के इस BJP नेता ने किया ऐलान

टीएमसी सांसद सायनी घोष के सिर कलम पर बीजेपी नेता प्रदीप दीक्षित ने ₹1 करोड़ का इनाम घोषित कर हड़कंप मचा दिया है. यह ऐलान सायनी के पुराने आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान किया गया. हालांकि, बाद में प्रदीप दीक्षित ने वीडियो को AI-जनित फर्जी बताया और अपनी छवि खराब करने का आरोप लगाया.

टीएमसी सांसद सायनी घोष

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता और सांसद सायनी घोष का सिर कलम करने पर एक करोड़ रुपये का इनाम रखा गया है. उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर में बीजेपी नेता प्रदीप दीक्षित ने यह इनाम घोषित किया है. सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित ने कहा कि जो कोई सायनी घोष का सिर कलम करेगा, वह एक करोड़ का नगद इनाम देंगे. उनके ऐलान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

इससे पहले रविवार को सिकंदराबाद में हिंदू संगठनों ने सायनी घोष के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर खूब हंगामा किया था. बताया जा रहा है कि इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित ने भी सायनी घोष का सिर कलम करने पर इनाम का ऐलान किया था. सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में वह साफ तौर पर कह रहे हैं कि जो कोई सायनी घोष का सिर कलम करेगा, उसे वह इनाम देंगे.

वायरल वीडियो पर दी सफाई

वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने सफाई दी है. उन्होंने वायरल वीडियो फर्जी बताया है. कहा कि किसी ने AI तकनीक से इस तरह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाला है. उन्होंने कभी इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है. यह वीडियो उनकी छवि खराब करने के लिए बनाया गया है. बता दें कि साल 2015 में सायनी घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट किया था. इसमें उहोंने भगवान शिव के लिए आपत्तिजनक बातें कहीं थीं.

छह साल बाद TMC में शामिल हुई

वीडियो पोस्ट करने के 6 साल बाद सायनी घोष साल 2021 में TMC में शामिल हुई थीं. उस समय भी बीजेपी ने इस मुद्दे को गरमाने की कोशिश की थी. इस संबंध में पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में राज्यपाल रहे तथागत रॉय ने कोलकाता के रवींद्र सरोवर पुलिस स्टेशन में मुकदमा भी दर्ज कराया था. हालांकि बाद में सायनी घोष ने भी सफाई दी थी. इसमें उन्होंने कहा था कि उनका एकाउंट हैक कर शरारती तत्वों ने यह पोस्ट किया था.

एक्ट्रेस रही हैं सायनी घोष

जानकारी के मुताबिक सायनी घोष बंगाली एक्ट्रेस रही हैं और अभिनय की दुनिया छोड़ कर राजनीति में आईं थीं. उनकी टेलीफिल्म ‘इच्छे दाना’ काफी चर्चित रही है. इसके बाद उन्होंने नॉटोबोर नॉटआउट, शत्रु, प्रलय आश, कानामाची, राजकहिनी, ड्रैकुला सर और ब्योमकेश ओ चिरियाखाना जैसी फिल्मों में भी महत्वपूर्ण रोल अदा किया था. वह साल 2021 में TMC में शामिल हुईं. हालांकि 2024 में वह जादवपुर लोकसभा सीट से जीत कर संसद पहुंची.

Follow Us