दूल्हे के पास कहां से आई जिगाना पिस्टल? वायरल हुआ शादी में फायरिंग का VIDEO, मीट कारोबारी के बेटे पर FIR
बुलंदशहर में शादी समारोह के वायरल वीडियो में दूल्हे द्वारा जिगाना पिस्टल से हर्ष फायरिंग करने पर हड़कंप मच गया है. प्रतिबंधित तुर्की मेड जिगाना पिस्टल से 17 राउंड फायर करने वाले मीट कारोबारी के बेटे शादाब पर FIR हुई है. पुलिस पिस्टल की उत्पत्ति और वीडियो के वर्ष (2022) की जांच कर रही है. यह पिस्टल भारत में प्रतिबंधित है और इसके आतंकी समूहों से संबंध होने की आशंका है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में खुद दूल्हा हाथ में जिगाना पिस्टल लेकर फायरिंग कर रहा है. वह महज पांच सेकंड में 17 राउंड की फायरिंग करता है. वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है. बताया जा रहा है कि दूल्हा बुलंदशहर के एक बड़े मीट कारोबारी का बेटा है. पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि तुर्की मेड जिगाना पिस्टल दूल्हे के पास कहां से आया. हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर इस पिस्टल का ब्रांडनेम बताने से बच रही है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पाया गया है कि यह वीडियो चार साल पुराना है. अपनी शादी के दौरान दूल्हे ने मेहमानों के सामने फायरिंग की थी. यह वीडियो शादी में मौजूद किसी मेहमान ने ही बनाया, जिसे अब उसने सोशल मीडिया में डाला है.
पिस्टल के ब्रांड पर फोकस
पुलिस के मुताबिक भारत में जिगाना पिस्टल प्रतिबंधित है. उत्तर प्रदेश में अभी तक इस ब्रांड के पिस्टल लॉरेंस गैंग के गुर्गों के पास मिलने की जानकारी है. इसके अलावा कुछ आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के पास भी इस ब्रांड के पिस्टल होने की सूचना है. ऐसे में पुलिस पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह पिस्टल दूल्हे के पास कहां से और कैसे आया. पुलिस के मुताबिक दूल्हे की पहचान शादाब पुत्र हाजी शफी के रूप में हुई है. हाजी शफी बुलंदशहर में खुर्जा क्षेत्र के बड़े मीट कारोबारी हैं.
2022 का है वीडियो
पुलिस के मुताबिक वीडियो की जांच के दौरान पता चला है कि शादाब की शादी वर्ष 2022 में हुई थी. इस दौरान वह स्टेज पर बैठे-बैठे फायरिंग कर रहा है. स्थानीय लोगों का दावा है कि शादाब को हथियार रखने और उसे दिखाने का शौक है. खुर्जा के सीओ शोभित कुमार के मुताबिक वीडियो की जांच कराई जा रही है. साथ ही वीडियो में नजर आ रहे पिस्टल के ब्रांड को भी परखा जा रहा है.
