इंस्टाग्राम चलाने पर पति ने टोका, गुस्से में विवाहिता ने लगा ली फांसी; दर्ज हुआ दहेज का केस
उत्तर प्रदेश के चंदौली में इंस्टाग्राम चलाने पर पति की टोकाटाकी से नाराज एक विवाहिता ने फांसी लगा ली. पिता ने पति पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शुरुआती जांच में मोबाइल विवाद को वजह बताया, लेकिन दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे सोशल मीडिया की लत और घरेलू हिंसा के बीच का गहरा मुद्दा सामने आया है.
सोशल मीडिया की लत ने उत्तर प्रदेश में एक और परिवार को तहस-नहस कर दिया है. उत्तर प्रदेश के चंदौली में पति की टोकाटाकी से नाराज एक महिला ने घर में फांसी लगा ली है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे महिला के पिता ने उसके पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फिर फांसी पर लटकाकर हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में कुछमन गांव का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली विवाहिता का शव शनिवार की देर रात फंदे से लटका मिला था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इतने में महिला के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए. आरोप लगाया कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या हुई है. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीन साल पहले हुई थी शादी
झांसी गांव के रहने वाले महिला के पिता कपिल देव प्रसाद ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रोशनी की शादी तीन साल पहले कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार के साथ की थी.शादी के वक्त उन्होंने दहेज में अपनी क्षमता से बढ़कर खर्च किया था. बावजूद इसके राहुल और उसके परिवार वालों की डिमांड कम नहीं हुई. बल्कि इसके लिए आए दिन उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था. इसी बीच उनकी बेटी को एक बेटा भी हो गया. इसके बाद भी आरोपियों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया.
क्या है असली विवाद?
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. जांच में पाया गया है कि महिला इंस्टाग्राम पर चैटिंग कर रही थी. इसके लिए पति ने टोका तो गुस्से में आकर वह कमरे में गई और फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया. फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
रिपोर्ट: विवेक कुमार, चंदौली
