उपद्रवियों को CM योगी की सीधी चेतावनी- उत्सव के रंग में खलल डाला तो वर्तमान-भविष्य दोनों स्वाहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों में उपद्रव करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि यूपी के त्योहारों में रुकावट डाला तो, अपना वर्तमान-भविष्य खो दोगे. योगी ने पूर्व सरकारों पर तुष्टीकरण और अराजकता का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि 2017 से पहले सत्ता में बैठे लोग पेशेवर गुंडों को शरण देते थे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में 516 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते उन्होंने त्योहारों में उपद्रव करने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है. सीएम योगी ने कहा कि ऐसे तत्वों का वर्तमान तो जाएगा ही भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘गोंडा का विकास तुष्टीकरण, अराजकता, भाई-भतीजावाद और जातिवाद की भेंट चढ़ गया था. उत्सव प्रारम्भ होने से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे. सीएम योगी ने कहा, ‘2015-16 में गोंडा में दुर्गा पूजा में दंगे का प्रयास हुआ था और मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित करने नहीं दिया जाता था.’
बेटी, व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, कर्फ्यू रहता था
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में रामलीला में भी अड़चन डाली जाती थी. बेटी, व्यापारी सुरक्षित नहीं थे. पहले सत्ता में बैठे लोग पेशेवर गुंडों को शरण देते थे और प्रदेश में महीनों कर्फ्यू रहता था. उन्होंने 2017 से पहले के दौर पर निशाना साधते हुए कहा कि तब ‘विकास एक गांव तक ही सीमित रह जाता था, सब कुछ वहीं होता था.
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘उत्सव के रंग में किसी ने भंग डालने का काम किया तो, वर्तमान तो जाएगा ही, उसका भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा.’ साथ ही अपनी सरकार में सबके लिए समान व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा, ‘हर पात्र व्यक्ति चाहे वह किसी जाति, मत-संप्रदाय का हो, अगर वह पात्रता की श्रेणी में आता है तो उसके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा.’
‘अच्छी सरकार को चुनते हैं तो परिणाम अच्छे होंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप अच्छे लोगों और अच्छी सरकार को चुनते हैं तो परिणाम अच्छे होंगे. गलत लोग चुनोगे तो उसके खामियाजे से कोई बचा नहीं पाएगा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भेदभाव नहीं किया. हमने यह नहीं कहा कि मेडिकल कॉलेज सैफई में बनेंगे. हमने कहा कि वे गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, अयोध्या और बस्ती में बनेंगे.
अयोध्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब तो श्री अयोध्या धाम में राम भक्त के अलावा कोई ‘रामद्रोही’ घुस ही नहीं सकता… अयोध्या में ऐसी व्यवस्था की गई है. आज अयोध्या चमक रही है और हर व्यक्ति जो वहां जाता है गौरव की अनुभूति करता है.
‘
