आंधी में मरने वालों के घर जाएंगे मंत्री, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात, CM योगी ने लगाई ड्यूटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में आंधी, बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लिया है. उन्होंने सभी प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सर्वे के बाद मुआवजा शीघ्र देने के आदेश हैं, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके.
यूपी में आंधी, बारिश और बिजली गिरने से भारी नुकसान और जनहानि हुई है. बीते दिन तेज आंधी और बारिश की घटनाओं में 56 लोगों की मौत जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपदा पर संज्ञान लिया है. साथ ही सभी प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है और पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के भीतर पूरा करने को कहा है. साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के लिए निर्देशित किया. सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के लिए कहा गया है.
‘किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी’
सीएम योगी ने प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए हर जिले के प्रभारी मंत्री की ड्यूटी लगाई है. सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को निर्देश हैं कि वह आंधी, आकाशीय बिजली और अतिवर्षा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे. साथ ही सभी DM को निर्देश है कि प्रभावित परिवार को जो भी मदद चाहिए, उन्हें अविलंब करवाए उपलब्ध कराए जाए.
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि प्रभावित परिवारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए, नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी. बीते दिन दोपहर अचानक आंधी, बारिश और बिजली गिरने से प्रयागराज, भदोही, फतेहपुर समेत कई जिलों में मौसम ने भारी नुकसान पहुंचाया है.
भदोही में मकान पर पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत
अचानक आंधी-बारिश और बिजली गिरने से कई जगहों पर मकान क्षतिग्रस्त हो गए, कई पेड़ उखड़ गए. इसमें जनहानि के साथ और मवेशियों की भी भारी संख्या में मौत हुई है. इस आपदा में बदायूं में 5 लोगों की मौतें हुई हैं. वहीं फतेहपुर में भी 5 लोग मारे गए हैं. भदोही में एक मकान के ऊपर नीम का पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई.
अकेले उन्नाव में ही इस आंधी पानी की वजह से 7 लोगों के मरने की खबर हैं. इसी प्रकार प्रयागराज में भी 10 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 7 लोग प्रयागराज में ग्रामीण क्षेत्र के हैं. वहीं बाकी के तीन लोग प्रतापगढ़ के रहने वाले थे. इसी प्रकार सिद्धार्थनगर में लैट्रिन शेड गिरने से एक बच्चे की मौत हुई. उधर, फतेहपुर में 8, हरदोई में 2 लोगों की मौत हुई है.
