नए मंत्रियों को कब मिलेगा विभाग? दिल्ली में CM योगी ने की अमित शाह से मुलाकात

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के पांच दिन बाद भी नए मंत्रियों को विभाग नहीं मिलने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ अचानक दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. माना जा रहा है कि विभागों के बंटवारे को लेकर अंतिम चर्चा हुई है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार हुए पांच दिन बीत गए हैं, लेकिन अभी तक नए मंत्रियों को उनका विभाग नहीं मिला है. मंत्रालय बंटवारे को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अचानक दिल्ली पहुंचे हैं, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है. बताया जा रहा है कि सीएम योगी ने दोनों नेताओं से विभागों के बंटवारे पर बात की है. फैसला आज या कल तक हो सकता है.

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से ही विभागों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और सरकार के भीतर गहन विचार-विमर्श चल रहा है. कई वरिष्ठ नेताओं और नए मंत्रियों के बीच संतुलन साधने की चुनौती सामने है. बीजेपी नेतृत्व चाहता है कि आगामी चुनावों और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए ऐसा विभागीय बंटवारा किया जाए, जिससे सरकार की कार्यक्षमता भी बनी रहे और संगठनात्मक संदेश भी मजबूत जाए.

लखनऊ से दिल्ली तक घूम रही फाइल

दरअसल, इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार से बीजेपी ने क्षेत्रीय, जातीय और संगठनात्मक संतुलन को साधने की कोशिश की है. ऐसे में विभागों का चयन बेहद अहम हो गया है. पार्टी नहीं चाहती कि किसी भी स्तर पर असंतोष की स्थिति पैदा हो. यही वजह है कि विभागों के आवंटन की फाइल लखनऊ से दिल्ली तक घूम रही है. सूत्रों का कहना है कि सीएम योगी ने गृह मंत्री अमित शाह से विभागों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा की है.

बड़े विभागों पर होना है फैसला

सूत्रों का कहना है कि कुछ विभागों को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. खास तौर पर उन मंत्रालयों पर ज्यादा मंथन हो रहा है, जिनका सीधा असर जनता और चुनावी राजनीति पर पड़ता है. इनमें लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, नगर विकास, सिंचाई और ग्रामीण विकास जैसे विभाग शामिल बताए जा रहे हैं. कई नए मंत्री महत्वपूर्ण विभागों की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि कुछ पुराने मंत्री भी अपने विभागों में बदलाव नहीं चाहते.

मनोज पांडेय समेत 6 मंत्री बनाए गए थे

सीएम योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली दौरे से माना जा रहा है कि विभागों के बंटवारे को लेकर तस्वीर जल्द साफ हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, आज देर रात या फिर कल तक नए मंत्रियों के विभागों की घोषणा संभव है. गौरतलब है कि पिछले दिनों ही योगी मंत्रिमंडल का विस्तार करके 6 नए मंत्री बनाए गए थे, जबकि दो मंत्रियों का प्रमोशन किया गया था. भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था.

वहीं, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश सिंह राजपूत को राज्यमंत्री बनाया गया था, जबकि सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल का प्रमोशन करते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया था. मंत्रिमंडल का विस्तार तो हो गया था, लेकिन इन मंत्रियों को अभी तक मंत्रालय नहीं मिला है. इन मंत्रियों को दफ्तर भी अलॉट किया जा चुका है.

Follow Us