रामपुर में बोले CM योगी- ‘जय श्रीराम’ पर लाठी चलाने वाले आज अयोध्या जाने को बेचैन
मुख्यमंत्री योगी ने रामपुर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने आस्था और विरासत के अपमान पर विपक्ष को लताड़ा, उन पर 'कालनेमी' जैसा दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया. सीएम ने डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल को सराहा, और कहा- प्रभु श्रीराम जानते हैं कौन सही, कौन बुरा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर में 700 करोड़ से अधिक की 102 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया. साथ ही कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जो ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाने का काम करते थे, आज वही अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख आस्था की वकालत कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, जिसने कभी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, आज ‘राम सबके हैं’ का नारा लगाकर अयोध्या जाने की होड़ में शामिल है. उन्होंने ऐसे नेताओं की तुलना रामायण के पात्र कालनेमी से करते हुए कहा कि जनता इनके छल और दोहरे चरित्र को अच्छी तरह पहचान चुकी है.
कांग्रेस-सपा शासनकाल अराजकता का प्रतीक रहा
सीएम योगी ने कहा कि आज रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने वाले रामभक्ति की वकालत कर रहे हैं. यह रामभक्तों की, आपके वोटबैंक की ताकत है उन्हें अपने पापों, कर्मों पर पश्चाताप भी होता होगा. लेकिन, प्रभु श्रीराम तो जग नियंता हैं, ब्रह्मांड के स्वामी हैं. उन्हें पता है कि कौन सही है और कौन बुरा. ये लोग झूठ का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने में लगे हैं.
उन्होंने कहा कि, दरअसल, सपा-कांग्रेस को चिढ़ यह है कि अयोध्याधाम, काशी-विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज धाम, नैमिषारण्य, शुक्रतीर्थ इतने सुंदर कैसे हो गए. वे इसे रोकना चाहते थे, नहीं कर सके तो चिढ़ गए. मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और सपा शासनकाल अन्याय और अराजकता का प्रतीक रहा है.
‘चाचा-भतीजा की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी’
सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की निरंकुश सत्ता में विकास केवल सैफई और रामपुर के दो परिवारों तक सीमित था, जबकि बाकी जनता को विकास से वंचित रखा जाता था. बिजली देने में भी ‘पिक एंड चूज’ की नीति अपनाई जाती थी, जिससे सैफई में बिजली आती थी लेकिन पीलीभीत और रामपुर जैसे क्षेत्र अंधेरे में रहते थे.
उन्होंने कहा कि सपा शासन में भ्रष्टाचार के चलते उद्योग बंद होते गए. किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो गया. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया. हाल यह था कि कोई सरकारी विज्ञापन निकलता तो ‘चाचा-भतीजा की जोड़ी’ वसूली के लिए निकल पड़ती थी और कोर्ट को भर्तियों पर रोक लगानी पड़ती थी. सपा-कांग्रेस के इन्हीं पापों से यूपी बीमारू बना था.
बिलासपुर की चीनी मिल का होगा पुनरुद्धार- CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में ‘पिक एंड चूज’ नहीं होता. अब कोई विकास नहीं रोक सकता, नौजवान के भविष्य से खिलवाड़ नहीं कर सकता, बहन-बेटी का अपमान नहीं कर सकता. सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर-शामली नया इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से होकर गुजरेगा, जो गोरखपुर को सिलीगुड़ी और शामली को पानीपत से जोड़ेगा.
साथ ही बताया कि रामपुर में 3 मीटर चौड़ी सड़कों को 7-10 मीटर और फोर-लेन में बदला जा रहा है. बिलासपुर की रुद्रविलास चीनी मिल के पुनरुद्धार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. सर्वे रिपोर्ट आते ही सरकार वित्तीय राशि जारी करेगी. उन्होंने कहा, ‘विरासत का सम्मान हो या नौजवानों को नौकरी देने का संकल्प, सरकार हर मोर्चे पर प्रतिबद्ध है.’
