5 अगस्त से बदल जाएगा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे! कांवड़ यात्रा के चलते लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 5 अगस्त से कांवड़ यात्रा के लिए एक लेन आरक्षित होगी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा. लाखों वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा. दिल्ली, नोएडा, मेरठ और हरिद्वार जाने वालों के लिए नए रूट जारी किए गए हैं.

एक्सप्रेस-वे (सांकेतिक तस्वीर) Image Credit: ट्विटर

यूपी में कावड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे एनएच 58 पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 5 अगस्त से एक्सप्रेसवे की एक लेने कावड़ियों के लिए पूरी तरह आरक्षित कर दी जाएगी. वहीं, अगर कांवड़ियों की संख्या बढ़ती है तो दूसरी लाइन भी बंद की जा सकती है. ऐसे में प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर हरिद्वार और उत्तराखंड की ओर जाने वाले लाखों वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा. प्रशासन ने मेरठ के परतापुर से लेकर उत्तराखंड सीमा तक दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे की एक लेने कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी है, दूसरी ओर वाहनों के लिए टू वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी.

दिल्ली से मेरठ-हरिद्वार जाने के लिए ये रास्ते चुनें

एक्सप्रेसवे प्रशासन की और से जारी रूट डायवर्जन प्लान के तहत, दिल्ली से मेरठ आने वाले वाहन गाजीपुर बॉर्डर से एनएच 9 होते हुए यूपी गेट डासना इंटरचेंज, पिलखवा, हापुड़, निजामपुर, तिराहा, ततारपुर, तिराहा और कीठोर के रास्ते पहुंचेंगे. वहीं, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार जाने वाले वाहन किठौर से परीक्षितगढ़ मवाना और रामराज होते हुए जा सकेंगे.

लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद के लिए नया रूट

लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और अमरोहा जाने वाले वाहन भी गंगा एक्सप्रेसवे और एनएच 9 के वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करेंगे. दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन सिंभावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर यू टर्न लेकर आगे बढ़ेंगे. गजरौला, अमरोहा और संभल की ओर से आने वाले वाहन संबंधित कट से निकलकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

नोएडा, गाजियाबाद और बागपत वालों के लिए रूट

नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से बागपत जाने वाले वाहन शामली करनाल और सोनीपत की और से एनएच 1 अथवा दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के जारी आगे बढ़ सकेंगे. वहीं, बागपत से दिल्ली आने वाले वाहन भी दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे या प्रशासन द्वारा तैयार किए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे.

ट्रैफिक प्लान में और भी बदलाव किए जा सकते हैं

कावड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु सड़कों पर रहेंगे, ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था में लगातार बदलाव संभव है. यदि आपकी यात्रा दिल्ली, नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर या उत्तराखंड की ओर है तो घर से निकलने से पहले ताजा ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें. प्रशासन का कहना है की आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक प्लान में और भी बदलाव किए जा सकते हैं.

Follow Us