सावन के पहले सोमवार पर मातम! सीतापुर में हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ियों का DJ; 2 की मौत
सीतापुर में श्रावण मास के पहले सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां कांवड़ियों का डीजे वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए हैं. पुलिस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
श्रावण मास के पहले सोमवार पर सीतापुर में बड़ा हादसा हो गया. थानगांव थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास कांवड़ यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए निकला डीजे वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए.
जानकारी के अनुसार, कांवड़ियों का जत्था चहलारी घाट से जल लेने जाने से पहले गांव में डीजे वाहन के साथ प्रचार कर रहा था. गांव से कुछ दूरी पर स्थित पुल पार करते समय वाहन का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया. इसके बाद पूरे वाहन में तेज करंट दौड़ गया और वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई.
डीजे मालिक और उसके सहयोगी की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में सीतापुर निवासी डीजे मालिक गुड्डू यादव और पासिनपुरवा के रहने वाले उसके सहयोगी संतोष की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यायल भेज दिया. वहीं, घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही- ASP
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है. घायलों का उपचार कराया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही हादसे के कारणों की भी विस्तृत जांच कराई जा रही है.
