नमो भारत कॉरिडोर ने पहले ही दिन बना दिया रिकॉर्ड, 1 लाख यात्रियों ने की यात्रा
नमो भारत रेल कॉरिडोर के संचालन के पहले दिन ही रिकॉर्ड बन गया. यात्रा के लिए इस कॉरिडोर का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों की 1 लाख के पार चली गई. यह एक दिन में अब तक यात्रा करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 फरवरी को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन किया. इस कॉरिडोर के संचालन के पहले ही दिन ट्रैवेल करने के लिए रिकॉर्डतोड़ यात्री आए. अधिकारियों के मुताबिक रात 10 बजे इस कॉरिडोर पर आखिरी ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों की संख्या 1 लाख के पार चली गई. यह एक दिन में अब तक यात्रा करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है.
पार्किंग की खास सुविधा
नमो भारत कॉरिडोर से जुड़े स्टेशनों पर आने वाले संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग की भी खास सुविधा दी गई है. कॉरिडोर के सभी स्टेशनों को मिलाकर 8000 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है. गाजियाबाद स्टेशन पर 370 कारें व 632 दुपहिया गाड़ियों को पार्क करने की सुविधा दी गई है.
साहिबाबाद स्टेशन पर 76 कार और 223 दुपहिया गाड़िया पार्क की जा सकती हैं. गुलधर स्टेशन पर 191 कार व 848 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा है. सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 266 कारें व 837 दुपहिया गाड़िया खड़ी की जा सकती हैं.
पार्किंग शुल्क भी कम रखा गया है
मेरठ साउथ स्टेशन पर 289 कार व 854 दुपहिया वाहन खड़ा करने की सुविधा है. मोदीपुरम स्टेशन पर 135 से अधिक कार व 1,200 से ज्यादा दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं. शताब्दी नगर स्टेशन पर 120 कार व 350 दुपहिया वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है. यात्रियों की असुविधा ना हो इसके लिए पार्किंग शुल्क भी कम रखे गए हैं.
नमो भारत कनेक्ट ऐप के जरिए मिल रही ये सुविधाएं
नमो कॉरिडोर के सभी स्टेशनों से बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और मेट्रो का जुड़ाव है. ऐसे में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है. साथ ही नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) की तरफ से यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत कनेक्ट ऐप के जरिए यात्रियों को रियल-टाइम पार्किंग उपलब्धता, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, स्टेशन नेविगेशन और लास्ट माइल कनेक्टिविटी की जानकारी दी जा रही है.
बता दें कि यात्री नमो कॉरिडोर स्टेशन तक आसानी से पहुंच सके. इसके लिए नमो भारत कनेक्ट ऐप पर ई-रिक्शा, ऑटो, फीडर बस, किराये की साइकिल व दोपहिया सेवाओं को भी जोड़ा गया है. यात्री इन सुविधाओं का इस्तेमाल कर आसानी से रैपिड रेल पकड़ने के लिए नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशन्स तक पहुंच सकेंगे.
