न ट्रॉफी, न कैश… क्रिकेट टूर्नामेंट में मैन आफ द मैच का पुरस्कार देसी मुर्गा
उत्तर प्रदेश के देवरिया में हुए एक क्रिकेट टूर्नामेंट में 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार ट्रॉफी या नकद नहीं, बल्कि एक जिंदा देसी मुर्गा था. इस अनोखे पुरस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिस पर लोग हैरान और खुश दोनों हैं. आयोजकों ने बताया कि यह एक सरप्राइज इनाम था और दोस्तों की पार्टी की मांग पूरी करने के लिए मुर्गा देना तय किया गया था.
उत्तर प्रदेश के देवरिया में आयोजित एक क्रिकेट मैच में पुरस्कार वितरण का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है. मैच के समापन पर एक खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच के रूप में चयन करते हुए उसे इनाम के तौर पर कोई ट्रॉफी या कैश नहीं, बल्कि देसी मुर्गा दिया गया है. मामला देवरिया जिले में पथरदेवा स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक स्कूल के ग्राउंड का है. यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक पथरदेवा में क्रिकेट टुर्नामेंट महुआरी प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया था. वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि मैच समाप्त होने पर आयोजक खिलाड़ियों को मंच पर बुलाते हैं और उन्हें पुरस्कार देते हैं. इसी दौरान मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को बुलाया जाता है और उसे एक मुर्गे की तस्वीर वाला पोस्टर दिया जाता है. फिर पास में खड़ा दूसरा शख्स इस प्लेयर के हाथ में जिंदा देसी मुर्गा थमा देता है.
मुर्गा हाथ में आते खिल गया चेहरा
यह खिलाड़ी भी खुशी खुशी अपना पुरस्कार लेता है. इस दौरान उसका चेहरा भी खुशी के मारे खिल उठता है. वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोग भी यह देखकर ठहाके लगाकर हंस रहे हैं. इधर, सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस तस्वीर को देखकर तमाम यूजर हैरान रह गए. लोगों ने सोशल मीडिया पर ही इसकी खूब आलोचना की है. वहीं कई यूजर ने इसे यूनिक पुरस्कार बताया है.
सरप्राइज्ड था इनाम
बताया जा रहा है कि आयोजकों ने इस टूर्नामेंट के आयोजन के वक्त ही ऐलान किया था कि मैन ऑफ द मैच के लिए सरप्राइज्ड इनाम है. इसमें कहीं नहीं बताया गया था कि खिलाड़ी को ट्रॉपी दी जाएगी या कैश या कुछ और. ऐसे में मैच के समापन पर हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक था कि पुरस्कार में क्या है. वहीं मैच के समापन पर जब खिलाड़ी को मुर्गा थमाया गया तो खिलाड़ी भी खुश हो गया और वहां मौजूद लोग भी ताली बजाने लगे.
आयोजक ने बताई ये वजह
इस क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक प्रदुमन पांडे ने बताया कि मैच 1 फरवरी से 8 फरवरी के बीच आयोजित हुआ था. इसमें विभिन्न जगहों से 16 टीमों ने हिस्सा लिया था. इस मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी रोज पहुंचते थे. इस मैच में विनर पथरदेवा की टीम रही है. उन्होंने बताया कि उनके दोस्त हमेशा पार्टी मांगते थे, इसलिए उन्होंने मुर्गा को ही ट्राफी के रूप में पेश कर दिया.
