कानपुर देहात में नोएडा-दिल्ली जैसा कांड…बाइक समेत गड्ढे में गिरा युवक, ठंड में अकड़कर तोड़ा दम

कानपुर देहात में बाइक सवार धीरेंद्र की गड्ढे में गिरने से ठंड के कारण दर्दनाक मौत हो गई. रात भर जूझने के बाद सुबह मदद मिली, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी. यह हादसा नोएडा-दिल्ली की घटनाओं जैसा है, जो खराब सड़कों और रात में सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाता है.

कानपुर देहात में नोएडा जैसा कांड

पहले नोएडा की सड़क पर कार समेत दलदल में गिरने से इंजीनियर की मौत का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि दिल्ली में इसी तरह की घटना हो गई. अब ठीक इसी तरह की घटना कानपुर देहात जिले में देखने को मिली है. यहां भी एक बाइक सवार बाइक समेत गड्ढे में गिर गया. कड़ाके की ठंड में पूरी रात वह जिंदगी और मौत से जूझता रहा. आखिर सुबह उसे मदद मिली, लेकिन उस समय तक काफी देर हो चुकी थी. उस समय तक ठंड में अकड़कर उसकी मौत हो चुकी थी.

यह घटना कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में रूरा-शिवली रोड पर कड़री गांव के पास का है. घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह दलदल में फंसने के बाद युवक कैसे रात भर जिंदगी और मौत से जूझता रहा होगा. सुबह जब किसान खेतों पर काम के लिए निकले तो मंजर देखा और आनन फानन में कीचड़ में घुसकर युवक को बाहर निकाला.

ठंड से अकड़ गया था शरीर

चूंकि उस समय तक वह ठंड से अकड़ गया था, इसलिए पहले गर्म पानी से उसका मुंह धुलाया और फिर आग जलाकर गर्मी देने की कोशिश की. फिर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस युवक की पहचान धीरेंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र निवासी भवानीपुर के रूप में हुई है. मृतक के भाई जसवीर ने बताया अपने भाई धीरेंद्र के साथ पनकी पावर हाउस में वेल्डिंग का काम करते हैं. वहां से धीरेंद्र शाम को 6:00 बजे बाइक पर सवार होकर घर जाने के लिए निकला था.

सुबह पुलिस से मिली सूचना

जसबीर के मुताबिक उसका भाई पूरी रात घर नहीं पहुंचा, लेकिन आज सुबह पुलिस ने उसके एक्सिडेंट की सूचना दी. इसके बाद जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो उसके भाई का शव मिला है. यह घटना सड़क सुरक्षा और रात में सावधानी की जरूरत को रेखांकित करती है.

रिपोर्ट: बृजेन्द्र गुप्ता, कानपुर देहात