पहले नशीली कोल्ड ड्रिंक, फिर मां-बेटी का गला रेता… 7 हजार गुजारा भत्ता देने के चलते पति बना जल्लाद

इटावा के भरथना में मां-बेटी हत्याकांड का पुलिस ने 11 घंटे में खुलासा कर दिया. पति ने ही अपने एक साथी के साथ वारदात को अंजाम दिया. पति भरण-पोषण के ₹7 हजार मासिक देने के कोर्ट के आदेश से नाराज था. पुलिस ने मुख्य आरोपी पति के साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

इटावा डबल मर्डर: ₹7 हजार भरण-पोषण विवाद में पति ने की मां-बेटी की हत्या

इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में मां-बेटी की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. अब पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड का महज 11 घंटे में खुलासा कर दिया. पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी मुकेश यादव को गिरफ्तार किया. उसके पास से तमंचा, कारतूस, 2.31 लाख रुपये नकद बरामद हुए. जबकि मुख्य आरोपी सत्येंद्र उर्फ करिया की तलाश जारी है.

पुलिस के मुताबिक, मृतका मंजू देवी का अपने पति सत्येंद्र से वैवाहिक विवाद चल रहा था. दोनों के बीच तलाक का मुकदमा इटावा कोर्ट में विचाराधीन था. इसी दौरान कोर्ट ने सत्येंद्र को पत्नी के भरण-पोषण के लिए हर महीने 7 हजार रुपये देने का आदेश दिया था. इसी आदेश से नाराज होकर सत्येंद्र ने पत्नी और अपनी बेटी की हत्या की साजिश रची.

बेहोश कर दुपट्टे से बांधे हाथ-पैर, फिर काटा गला

पुलिस पूछताछ में आरोपी मुकेश ने कथित तौर पर बताया कि 15 अगस्त को वह सत्येंद्र के साथ चंदेठी गांव के बाहर मिला था. उसके पास कोल्ड ड्रिंक की तीन छोटी बोतलें थीं, जिनमें दो में नशीला पदार्थ मिलाया गया था. इसके बाद मुकेश ने मंजू और उसकी मां को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी. दोनों के बेहोश होने के बाद हत्या के वारदात को अंजाम दिया गया.

एसएसपी के अनुसार, अंधेरा होने के बाद सत्येन्द्र मकान के पीछे के दरवाजे से अंदर पहुंचा. वह अपने साथ चाकू और चार-पांच दुपट्टे लेकर आया था. मुकेश और सत्येन्द्र ने पहले दोनों महिलाओं के हाथ-पैर दुपट्टे से बांधे. इसके बाद मुकेश ने मंजू की मां के पैर पकड़े और सत्येंद्र ने चाकू से उसका गला रेत दिया. इसके बाद दरांती से मंजू की भी हत्या कर दी गई.

पुलिस मुठभेड़ में मुकेश के पैर में लगी गोली

अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद सत्येंद्र ने मुकेश को फरारी के लिए ढाई लाख रुपये दिए और दोनों अलग-अलग रास्ते से फरार हो गए. वहीं, पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव को जारपुरा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है. वह भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली मुकेश के दाहिने पैर में लगी.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय मुकेश पुत्र रामनरेश यादव निवासी ग्राम नगला तुला, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से लाल रंग की स्कूटी, 2 लाख 31 हजार रुपये नकद, 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. वहीं, मुख्य आरोपी सत्येन्द्र उर्फ करिया की तलाश जारी है.

Follow Us