पूर्वी यूपी में बारिश का जोर जारी, 24 जिलों में अलर्ट; अगले 24 घंटे में 3-5°C गिरेगा तापमान
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में पिछले दिन हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, साथ ही तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है. इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. भारी बारिश के चलते प्रयागराज, भदोही और कौशांबी में स्कूल बंद किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, अगले 24 घंटे में तापमान में 3-5°C तक गिरावट आ सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
सोनभद्र में 15 सेमी, बरेली में 14 सेमी बारिश
बीते दिन शाम तक प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. चूर्क (सोनभद्र) में 15 सेंटीमीटर, बहेड़ी (बरेली) में 14 सेंटीमीटर, कोरांव (प्रयागराज) में 13 सेंटीमीटर, जबकि रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) और रायबरेली सेंट्रल कॉरिडोर में 9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
भारी बारिश की संभावना और मौसम की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को प्रयागराज, भदोही और कौशांबी में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है.
19 अगस्त तक पूर्वी यूपी में बारिश का जोर
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 18 अगस्त को पूर्वी यूपी के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में कुछ जगह भारी बारिश होने के आसार हैं. 19 अगस्त से पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं.
वहीं, 21 और 22 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
बस्ती में सबसे ज्यादा, हरदोई में न्यूनतम तापमान
बीते रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस बस्ती में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 21 डिग्री सेल्सियस रहा. मानसून की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सुहाना रहने के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
अगले 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है.
